एजेंसी न्यूज

योगी के पिता के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री सहित विभिन्न लोगों ने शोक व्यक्त किया

उत्तराखंड के पौड़ी जिले के एक गांव के रहने वाले योगी के पिता का सोमवार को नयी दिल्ली के एम्स में निधन हो गया।

योगी के पिता के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री सहित विभिन्न लोगों ने शोक व्यक्त किया
जमात

देहरादून, 20 अप्रैल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सहित विभिन्न हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है।

उत्तराखंड के पौड़ी जिले के एक गांव के रहने वाले योगी के पिता का सोमवार को नयी दिल्ली के एम्स में निधन हो गया।

मुख्यमंत्री रावत ने योगी के पिता के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत की आत्मा की शांति व शोक संतप्त परिवारजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने योगी आदित्यनाथ से दूरभाष पर वार्ता करके उन्हें सांत्वना प्रदान की।

मुख्यमंत्री रावत ने यहां जारी अपने शोक संदेश में कहा कि आनन्द सिंह बिष्ट का अपना एक अलग व्यक्तित्व था और वह एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता भी थे।

उन्होंने कहा कि पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक में किये गये उनके सामाजिक योगदान के लिये उन्हें हमेशा याद किया जायेगा। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को अतुलनीय बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यमकेश्वर में उन्होंने एक महाविद्यालय की स्थापना भी की थी जहां आज सैकड़ों बच्चे अध्यनरत हैं।

राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने भी योगी के पिता आनंद सिंह बिष्ट के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

कांग्रेस महासचिव और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके निधन से वह बहुत दुखी हैं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने अपना जीवन सामाजिक कार्यों के लिए समर्पित कर दिया था।

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने भी आनंद सिंह बिष्ट के निधन पर दुख जताया और कहा कि वह एक सौम्य व्यक्ति थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 20, 2020 06:43 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).