खेल की खबरें | पेगुला को हराकर वांद्रोसोवा विंबलडन सेमीफाइनल में

चेक गणराज्य की बाएं हाथ की खिलाड़ी वांद्रोसोवा तीसरे सेट में 1-4 से पिछड़ रही थी लेकिन इसके बाद उन्होंने लगातार पांच गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम किया।

वांद्रोसोवा ने मैच के बाद कहा, ‘‘मैं बस प्रत्येक गेम में बने रहना चाहती थी। यह काफी तेजी से बदल सकता है। वह (पेगुला) दूसरे सेट में बहुत बेहतर खेली। उसने आज मुझे कड़ी टक्कर दी।’’

पेगुला की ग्रैंडस्लैम क्वार्टर फाइनल में छह मौकों में यह छठी हार है। अमेरिका की यह 29 वर्षीय खिलाड़ी पहली बार विंबलडन प्रीक्वार्टर फाइनल खेल रही थी।

वांद्रोसोवा ने विंबलडन की तैयारी में ग्रास कोर्ट पर सिर्फ चार मैच जीते थे लेकिन ऑल इंग्लैंड क्लब पर वह पिछले आठ जीत में लगातार पांच मैच जीत चुकी हैं।

वांद्रोसोवा इससे पहले ऑल इंग्लैंड क्लब पर कभी दूसरे दौर से आगे नहीं बढ़ पाईं थी।

इस साल के विंबलडन टूर्नामेंट में वांद्रोसोवा की वरीयता प्राप्त खिलाड़ी के खिलाफ चौथी जीत है। उन्हें दूसरे दौर में 12वीं वरीय वेरोनिका कुदेरमेतोवा, तीसरे दौर में 20वीं वरीय डोना वेकिच और चौथे दौर में 32वीं वरीय मेरी बोजकोवा को हराया।

वांद्रोसोवा सेमीफाइनल में शीर्ष वरीय इगा स्वियातेक और एलिना स्वितोलिना के बीच होने वाले मैच की विजेता से भिड़ेंगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)