देश की खबरें | वंदे भारत ट्रेन के पहियों की खेप यूक्रेन से रोमानिया पहुंची, हवाई मार्ग से भारत लाया जाएगा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. वंदे भारत ट्रेन के लिए 128 पहियों की खेप युद्धग्रस्त यूक्रेन से सड़क के रास्ते रोमानिया पहुंच गई है, जिसे अब रेलवे द्वारा हवाई मार्ग के जरिये भारत लाया जाएगा। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 24 अप्रैल वंदे भारत ट्रेन के लिए 128 पहियों की खेप युद्धग्रस्त यूक्रेन से सड़क के रास्ते रोमानिया पहुंच गई है, जिसे अब रेलवे द्वारा हवाई मार्ग के जरिये भारत लाया जाएगा। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
वंदे भारत ट्रेन के लिए हजारों पहियों का ऑर्डर यूक्रेन की एक फर्म को दिया गया था जिसका कार्य युद्ध के कारण प्रभावित हुआ है।
सूत्रों ने कहा कि इस साल के अंत तक देशभर के प्रमुख मार्गों पर 75 'सेमी-हाई स्पीड ट्रेन' की शुरुआत करने के अपने लक्ष्य को पूरा करने के लिए भारत ने अब चेक गणराज्य, पोलैंड और अमेरिका को पहियों के ऑर्डर दिए हैं। सूत्रों ने यह भी कहा कि भारत पहियों की आपूर्ति के लिए चीन का भी रुख कर सकता है।
सूत्रों ने संकेत दिया कि यूक्रेन, जो इस तरह के पहियों के दुनिया के सबसे बड़े आपूर्तिकर्ताओं में से एक है, ने अधिकतर कर्मचारियों के रूस के खिलाफ युद्ध में शामिल होने के चलते नए उत्पादन को लगभग रोक दिया है।
उन्होंने कहा कि इस साल दर्जनों नयी वंदे भारत ट्रेन शुरू करने की रेलवे की योजना मुश्किल में पड़ गई है क्योंकि यूक्रेन की एक फर्म को दिया गया 36,000 पहियों का ऑर्डर पूरा होना संभव नहीं लग रहा।
सूत्रों ने बताया कि पहियों को यूक्रेनी बंदरगाह से महाराष्ट्र के जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट (जेएनपीटी) में भेजने की योजना थी, जो युद्ध के कारण अटक गई।
हालांकि, सूत्रों ने पीटीआई- से कहा कि इससे भारत में इन ट्रेन के अगले महीने होने वाले परीक्षणों में देरी नहीं होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)