एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | वान डर डुसेन ने दक्षिण अफ्रीका को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. रॉसी वान डर डुसेन के करियर के सर्वोच्च स्कोर और एडेन मार्कराम के तूफानी अर्धशतक की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर 12 के ग्रुप एक मैच में इंग्लैंड के खिलाफ शनिवार को यहां दो विकेट पर 189 रन का मजबूत स्कोर बनाया।

खेल की खबरें | वान डर डुसेन ने दक्षिण अफ्रीका को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया

शारजाह, छह नवंबर रॉसी वान डर डुसेन के करियर के सर्वोच्च स्कोर और एडेन मार्कराम के तूफानी अर्धशतक की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर 12 के ग्रुप एक मैच में इंग्लैंड के खिलाफ शनिवार को यहां दो विकेट पर 189 रन का मजबूत स्कोर बनाया।

डुसेन ने 60 गेंदों पर नाबाद 94 रन बनाये जिसमें पांच चौके और छह छक्के शामिल हैं। यह टी20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका की तरफ से सर्वोच्च स्कोर है। उन्होंने क्विंटन डिकॉक (27 गेंदों पर 34) के साथ दूसरे विकेट के लिये 71 और मार्कराम (25 गेंदों पर नाबाद 52, दो चौके, चार छक्के) के साथ तीसरे विकेट के लिये 52 गेंदों पर 103 रन की अटूट साझेदारी की। दक्षिण अफ्रीका ने आखिरी पांच ओवरों में 71 रन बनाये।

दक्षिण अफ्रीका अगर इंग्लैंड को 131 रन से कम के स्कोर पर रोक लेता है तो वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। ऐसी स्थिति में आस्ट्रेलिया बाहर हो जाएगा।

टूर्नामेंट में पहली बार इंग्लैंड के गेंदबाज दबाव में दिखे। उसकी तरफ से दोनों स्पिनर मोईन अली और आदिल राशिद को ही सफलता मिली।

दक्षिण अफ्रीका ने डुसेन के क्रिस वोक्स के छठे ओवर में लगाये गये चौके और छक्के की मदद से पावरप्ले में एक विकेट पर 40 रन बनाये। इससे पहले मोईन (27 रन देकर एक) ने अपनी गति में बदलाव करके रीजा हेंड्रिक्स (दो) को बोल्ड किया था जिनका स्थान लेने के लिये डुसेन क्रीज पर उतरे थे।

डुसेन और डिकॉक ने इसके बाद स्ट्राइक रोटेट करने की सकारात्मक रणनीति अपनायी और इस बीच ढीली गेंदों को सीमा रेखा तक भी पहुंचाया। डुसेन का मार्क वुड पर स्कूप करके विकेटकीपर के सिर के ऊपर से लगाया गया छक्का दर्शनीय था लेकिन डिकॉक लेग स्पिनर राशिद (32 रन देकर एक) पर लंबा शॉट खेलने के प्रयास में लांग ऑन पर कैच दे बैठे।

डुसेन ने 37 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने वुड पर डीप स्क्वायर लेग पर छक्का लगाकर टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया जबकि मार्कराम ने राशिद की गेंद छह रन के लिये भेजकर गेंदबाजों को दबाव में ला दिया।

डेथ ओवरों के लिये मंच सज चुका था। इसका पहला निशाना वोक्स बने। पारी के 16वें ओवर में डुसेन ने उनकी पहली दो गेंदों और मार्कराम ने पांचवीं गेंद को छक्के के लिये भेजकर स्कोर बोर्ड की ‘स्पीड’ बढ़ा दी।

मार्कराम के वुड पर लगाये गये दो चौकों से टीम 17 ओवर में 150 रन पर पहुंच गयी। उन्होंने इस गेंदबाज के अगले ओवर में छक्का भी जड़ा। उन्होंने जोर्डन पर लांग ऑफ पर छक्का लगाकर केवल 24 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 06, 2021 09:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).