जरुरी जानकारी | अगस्त में यूपीआई के जरिये लेनदेन का मूल्य बढ़कर 10.73 लाख करोड़ रुपये पर

नयी दिल्ली, एक सितंबर यूपीआई के जरिये डिजिटल भुगतान लेनदेन का मूल्य इस साल अगस्त में बढ़कर 10.73 लाख करोड़ रुपये हो गया।

जुलाई में यूपीआई आधारित डिजिटल लेनदेन का मूल्य 10.63 लाख करोड़ रुपये रहा था।

भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) के आंकड़ों के अनुसार, इस साल अगस्त माह के दौरान यूपीआई के माध्यम से कुल 6.57 अरब (657 करोड़) लेनदेन हुए, जो पिछले महीने में 6.28 अरब (628 करोड़) रहा था। जून में 10.14 लाख करोड़ रुपये के 5.86 अरब लेनदेन हुए थे।

एनसीपीआई ढांचे के अन्य आंकड़ों पर गौर करने पर पता चलता है कि तत्काल हस्तांतरण-आधारित आईएमपीएस के जरिये अगस्त में लेनदेन का मूल्य 4.46 लाख करोड़ रुपये रहा। अगस्त में आईएमपीएस के जरिये कुल 46.69 करोड़ लेनदेन हुए।

जुलाई में, यह कुल 46.08 करोड़ लेनदेन पर 4.45 लाख करोड़ रुपये रहा था।

टोल प्लाजा पर अगस्त में फास्टैग के जरिये 4,245 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ, जो पिछले महीने में 4,162 करोड़ रुपये था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)