देश की खबरें | देश भर में मनाया गया वैलेंटाइन डे, दक्षिणपंथी संगठनों ने किया विरोध
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश के विभिन्न हिस्सों में युवा और वृद्ध जोड़ों ने मंगलवार को फूलों और उपहारों के साथ वैलेंटाइन डे मनाया जबकि कुछ दक्षिणपंथी संगठनों ने देश के कुछ हिस्सों में इसका विरोध किया।
नयी दिल्ली, 14 फरवरी देश के विभिन्न हिस्सों में युवा और वृद्ध जोड़ों ने मंगलवार को फूलों और उपहारों के साथ वैलेंटाइन डे मनाया जबकि कुछ दक्षिणपंथी संगठनों ने देश के कुछ हिस्सों में इसका विरोध किया।
उत्तर प्रदेश के पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह ने इस अवसर को "गाय प्रेम दिवस" के रूप में मनाया, जबकि बजरंग दल ने "पश्चिमी संस्कृति के प्रसार" का विरोध करने के लिए हनुमान चालीसा का सामूहिक रूप से पाठ किया।
कोविड-19 महामारी के कारण दो साल के बाद देश के विभिन्न हिस्सों में मॉल, रेस्तरां और लोकप्रिय दर्शनीय स्थलों पर लोगों ने एकत्र होकर प्यार का त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाया।
बर्फबारी के साथ इस सर्दी में कश्मीर का परिदृश्य सफेद हो गया, प्रेमी जोड़ो ने उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग और दक्षिण कश्मीर में पहलगाम जैसे रिसॉर्ट्स की ओर रुख किया।
मध्य प्रदेश के रहने वाले साकेत शर्मा ने कहा, ‘‘ हम वैलेंटाइन डे को यादगार बनाने के लिए इस खूबसूरत घाटी में आए हैं। मौसम अच्छा है और मैं भाग्यशाली महसूस कर रहा हूं कि हम कश्मीर में जश्न मनाने की योजना बना पाए। ’’
हालांकि, बजरंग दल जैसे दक्षिणपंथी संगठनों के सदस्य फिर से सड़कों पर उतर आए और प्रेमी जोड़ों पर प्यार के नाम पर "अश्लीलता में लिप्त होने" का आरोप लगाते हुए उन्हें निशाना बनाया।
बजरंग दल के सदस्यों ने गुजरात के गांधीनगर में एक बगीचे से प्रेमी जोड़ों को भगा दिया और महाराष्ट्र के नागपुर में हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ आयोजित कर इसका विरोध किया।
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया, जिसमें बजरंग दल के लगभग 10 कार्यकर्ता लाठी-डंडे लेकर नारेबाजी करते और गांधीनगर में विधानसभा परिसर के सामने स्थित सेंट्रल विस्टा बगीचे के अंदर बैठे प्रेमी जोड़ों को भगाते हुए देखे जा सकते हैं।
विपक्षी कांग्रेस ने इस कृत्य की कड़ी निंदा की, इसके बाद गांधीनगर पुलिस हरकत में आई और विरोध में शामिल बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को तलब किया।
इस अवसर पर दिल्ली स्थित गैर-सरकारी संगठन "विशेज एंड ब्लेसिंग" ने इस दिन पूरे दिल्ली-एनसीआर में एचआईवी संक्रमित, नेत्रहीनों, अनाथों और बेघरों सहित 2,000 से अधिक गरीब बच्चों को केक बांटे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)