देश की खबरें | वैष्णव आईएफएफआई संचालन समिति की अध्यक्षता करेंगे, ओटीटी प्रतिनिधि भी होंगे शामिल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्र ने 56 वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) की योजना बनाने और आयोजन के लिए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को 31 सदस्यीय संचालन समिति का गठन किया, जिसमें पहली बार ओटीटी मंचों के प्रतिनिधियों को भी जगह दी गई है।
नयी दिल्ली, 10 जुलाई केंद्र ने 56 वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) की योजना बनाने और आयोजन के लिए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को 31 सदस्यीय संचालन समिति का गठन किया, जिसमें पहली बार ओटीटी मंचों के प्रतिनिधियों को भी जगह दी गई है।
गोवा में आयोजित होने वाले इस वार्षिक महोत्सव के लिए प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक शेखर कपूर को महोत्सव निदेशक नियुक्त किया गया है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि इस वर्ष संचालन समिति के सदस्यों की संख्या 16 से बढ़ाकर 31 कर दी गई है, जो अधिक समावेशी और उद्योग-व्यापी दृष्टिकोण को दर्शाता है।
बयान में कहा गया, ‘‘पहली बार, वैश्विक मीडिया और मनोरंजन परिदृश्य की गतिशीलता को प्रतिबिंबित करने के लिए अमेजन प्राइम वीडियो, नेटफ्लिक्स, सोनी पिक्चर्स नेटवर्क इंडिया और वायाकॉम जैसे प्रमुख ओटीटी मंचों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है।’’
भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) का 56वां संस्करण 20 नवंबर से 28 नवंबर तक गोवा में आयोजित किया जाएगा।
मंत्रालय के मुताबिक गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत समिति के सह-अध्यक्ष होंगे। इसमें सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एल मुरगन, सूचना एवं प्रसारण सचिव संजय जाजू और प्रेस सूचना ब्यूरो के महानिदेशक धीरेन्द्र ओझा को भी शामिल किया गया है।
गोवा के मुख्य सचिव, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में संयुक्त सचिव (फिल्म), राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के प्रबंध निदेशक, गोवा के सचिव (सूचना एवं प्रचार), तथा गोवा एंटरटेनमेंट सोसाइटी के सीईओ को भी बतौर सदस्य समिति में जगह मिली है।
गैर-सरकारी सदस्यों में अनिल कपूर, अनुपम खेर, केन्द्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के अध्यक्ष प्रसून जोशी, ए श्रीकर प्रसाद, गुनीत मोंगा कपूर, दिल राजू, संतोष सिवन, शंकर महादेवन, सुहासिनी मणिरत्नम जैसी फिल्म उद्योग की हस्तियां और अमेजन प्राइम वीडियो, नेटफ्लिक्स, सोनी पिक्चर्स नेटवर्क इंडिया और वायाकॉम के प्रतिनिधि शामिल हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 10, 2025 08:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

