देश की खबरें | वडोदरा पुल हादसा : मृतकों की संख्या बढ़कर 19 हुई, लापता लोगों की तलाश अब भी जारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (तस्वीर के साथ)
(तस्वीर के साथ)
वडोदरा, 11 जुलाई गुजरात के वडोदरा जिले में महिसागर नदी पर बने पुल के ढहने की घटना में घायल एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत के बाद मृतकों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 19 हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि लापता दो लोगों की तलाश अब भी जारी है।
बुधवार सुबह पादरा कस्बे के निकट गंभीरा गांव के पास चार दशक पुराने पुल का एक हिस्सा ढह जाने से कई वाहन महिसागर नदी में गिर गए। यह पुल आणंद और वडोदरा जिलों को जोड़ता है।
एक अधिकारी ने बताया, ‘‘एसएसजी अस्पताल में उपचाराधीन पांच घायलों में से एक, दहेवन निवासी 45 वर्षीय नरेंद्र सिंह परमार की शुक्रवार को मौत हो गई।’’
वडोदरा के जिलाधिकारी अनिल धमेलिया ने बताया कि बृहस्पतिवार रात तक 18 शव बरामद किए जा चुके थे और तीसरे दिन भी तलाश अभियान जारी है। घटनास्थल पर मौजूद टीम दो और लापता लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पुल ढहने के सिलसिले में बृहस्पतिवार को कार्रवाई करते हुए राज्य के सड़क और भवन विभाग के चार अभियंताओं को निलंबित कर दिया।
राज्य के मंत्री ऋषिकेश पटेल ने घटनास्थल का दौरा किया और मीडिया को बताया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल द्वारा गठित एक समिति द्वारा प्रस्तुत प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि राज्य के सड़क एवं भवन विभाग की एक उच्च स्तरीय जांच समिति 30 दिनों में एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
दौरे के बाद मंत्री ने बताया कि राज्य में जिन 7,000 पुलों का सर्वेक्षण किया गया है, उनमें से सरकार ने उन पुलों की पहचान की है, जिनकी मरम्मत या नए पुल के निर्माण की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘जांच समिति की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, यह पाया गया है कि पुल का जोड़ टूटने के कारण पुल ढह गया। सड़क एवं भवन विभाग की यह समिति 30 दिनों के भीतर एक विस्तृत रिपोर्ट देगी।’’
ऋषिकेश पटेल ने कहा कि तकनीकी और प्रशासनिक कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपी जाएगी और उसके आधार पर अन्य निर्णय लिए जाएंगे।
पटेल ने बाद में एसएसजी अस्पताल में घायलों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
इससे पहले दिन में, जिलाधिकारी अनिल धमेलिया ने बताया कि गंभीरा पुल हादसे के तीसरे दिन तलाश एवं बचाव अभियान फिर शुरू किया गया। बृहस्पतिवार रात तक 18 शव बरामद किए गए, जबकि हादसे के बाद लापता दो और लोगों की तलाश का कार्य अब भी जारी है।
उन्होंने मीडियाकर्मियों से कहा, ‘‘आज हमारे अभियान का मुख्य उद्देश्य नदी में गिरे स्लैब के नीचे फंसे एक शव और पानी में फंसे एक ट्रक के लापता चालक को निकालना है।’’
धमेलिया ने बताया कि बृहस्पतिवार को आठ लापता लोगों की सूची तैयार की गई और उनमें से छह के शव बरामद कर लिए गए।
यह अभियान राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) एवं अन्य एजेंसियों द्वारा चलाया जा रहा है, जिसमें स्थानीय लोग भी शामिल हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 11, 2025 04:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

