नयी दिल्ली, पांच दिसंबर सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि विभिन्न विभागों या मंत्रालयों में पदों का रिक्त होना और उन्हें भरना एक सतत प्रक्रिया है और रिक्तियों का ब्यौरा संबंधित मंत्रालयों या विभागों द्वारा रखा जाता है।
केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने राज्यसभा को एक लिखित उत्तर में बताया कि केंद्र सरकार के मंत्रालयों या विभागों को समय-समय पर रिक्त पदों को समयबद्ध तरीके से भरने का निर्देश दिया गया है।
सिंह ने कहा, ‘‘विभिन्न मंत्रालयों/विभागों में पदों का रिक्त होना और उन्हें भरना एक सतत प्रक्रिया है। रिक्तियों का ब्यौरा संबंधित मंत्रालय/विभाग द्वारा रखा जाता है।’’
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में संविदा पर नियुक्तियां सामान्य वित्तीय नियम, 2017 के प्रावधानों के अनुसार, संबंधित मंत्रालयों/विभागों द्वारा उनकी आवश्यकताओं के आधार पर की जाती हैं।
मंत्री ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 22 अक्टूबर, 2022 को शुरू किए गए रोजगार मेलों में मिशन मोड में रिक्त पदों को भरा गया है। विभिन्न राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के 40-45 शहरों में केंद्रीय स्तर पर 13 रोजगार मेले आयोजित किए गए हैं।’’
रोजगार मेलों के दौरान केंद्र सरकार द्वारा सौंपे गए भर्ती पत्रों की संख्या का विवरण मांगने वाले एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा ‘‘रोजगार मेलों के दौरान कई लाख नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं। रोजगार मेले के हिस्से के रूप में केंद्र सरकार के मंत्रालयों और विभिन्न संगठनों में रिक्त पदों को मिशन मोड में भरा जा रहा है।’’
सिंह ने कहा कि विभिन्न भर्तियों और रिक्तियों का विवरण, श्रेणीवार विवरण सहित, संबंधित मंत्रालयों/विभागों/केन्द्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों (सीपीएसयू) और संबंधित भर्ती एजेंसियों जैसे संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी), रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी), बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (आईबीपीएस) आदि द्वारा रखा जाता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY