देहरादून, 29 अक्टूबर ऋषिकेश के निकट मुनि की रेती क्षेत्र के नीम बीच पर राफ्टिंग के बाद गंगा नदी में उतरे दिल्ली के दो युवक बह गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और युवकों की खोज के लिए तलाशी और बचाव अभियान चलाया लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आये दोनों युवक नीम बीच पर राफ्टिंग करने के बाद नदी में उतर गए। इसी दौरान वे नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और बह गए।
एसडीआरएफ ने नीम बीच के संभावित स्थानों पर गहन तलाशी की और गोताखोरों की मदद से खोजबीन भी की। हांलांकि, युवकों का कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह फिर तलाशी अभियान चलाया जाएगा।
युवकों की पहचान दिल्ली के प्रशांत विहार निवासी वंश कौशल और दिल्ली के छतरपुर के रहने वाले कुमार गौरव के रूप में हुई है। दोनों युवकों की उम्र 26 साल थी।
युवकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY