देहरादून, 28 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह में राजपथ पर निकाली गई उत्तराखंड की ‘केदारखंड’ झांकी को तीसरा पुरस्कार मिला है ।
नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय रंगशाला शिविर में केंद्रीय राज्य मंत्री किरेन रिजिजू के हाथों यह पुरस्कार उत्तराखण्ड सरकार के प्रतिनिधि और झांकी के दल नायक के एस चैहान ने प्राप्त किया।
यहां जारी एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य गठन के बाद उत्तराखण्ड द्वारा अनेक बार गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लिया गया है लेकिन यह पहला अवसर है जब उत्तराखण्ड की झांकी को पुरस्कार के लिए चुना गया है।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि 2013 में आई प्राकृतिक आपदा के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण कर इसे पहले से भी अधिक भव्य रूप प्रदान किया गया है।
रावत ने झांकी को पुरस्कार के लिए चुने जाने पर प्रदेशवासियों के अलावा इससे जुडे अधिकारियों, झांकी बनाने वाले और इसमें सम्मलित सभी कलाकारों को बधाई भी दी ।
उत्तराखण्ड सूचना विभाग में उपनिदेशक एवं झांकी के दल नायक चैहान के नेतृत्व में 12 कलाकारों के दल ने झांकी में हिस्सा लिया था । झांकी का थीम सांग “जय जय केदारा” था।
दीप्ति
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY