एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | उत्तराखंड: प्रधानमंत्री मोदी ने दूसरे कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री धामी को बधाई दी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में उनके दूसरे कार्यकाल के तीन वर्ष सफलतापूर्वक पूरे होने पर बधाई दी।

देश की खबरें | उत्तराखंड: प्रधानमंत्री मोदी ने दूसरे कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री धामी को बधाई दी

देहरादून, एक अप्रैल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में उनके दूसरे कार्यकाल के तीन वर्ष सफलतापूर्वक पूरे होने पर बधाई दी।

मोदी ने मुख्यमंत्री को ‘कर्मठ और ऊर्जावान’ बताते हुए कहा कि धामी के नेतृत्व में यह समय बड़ी उपलब्धियों से भरा रहा है।

मोदी ने अपने बधाई संदेश में कहा, “उत्तराखंड के ‘कर्मठ’ और ‘ऊर्जावान’ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के ये तीन वर्ष ‘सेवा, सुशासन और विकास’ के रूप में समर्पित रहे हैं, जो राज्य के उत्थान में एक बड़ी उपलब्धि है। अपनी विरासत पर गर्व के भाव के साथ आगे बढ़ता उत्तराखंड आज विकास के नए आयाम गढ़ रहा है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 25 वर्ष पूर्व जिस विकास और पहचान को स्थापित करने के लिए उत्तराखंड का गठन हुआ था, आज राज्य उस दिशा में तेजी से अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि इसके लिए एक ठोस कार्य योजना के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे, परिवहन एवं पर्यटन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।

मोदी ने कहा, “देवभूमि उत्तराखंड अपने आप में असीम संभावनाओं को समेटे हुए है। यहां की पराक्रमी और परिश्रमी जनता में सामर्थ्य है कि वे अपने प्रयासों से राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक लेकर जा सकें। मुझे पूरा विश्वास है कि जनशक्ति से यह दशक उत्तराखंड का होगा, जिसमें प्रदेश विकास के नए कीर्तिमान गढ़ेगा।”

उन्होंने कहा कि इस नई पहचान के साथ उत्तराखंड आजादी के अमृत काल में विकसित भारत के निर्माण में अहम् भूमिका निभाएगा।

धामी ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह हमेशा उत्तराखंड के हितों के लिए चिंतनशील रहते हैं।

धामी ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड लगातार विकास के नए आयाम छू रहा है। प्रधानमंत्री का यह संदेश हमें और भी ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा।”

धामी ने मुख्यमंत्री के रूप में अपने दूसरे कार्यकाल के तीन वर्ष 23 मार्च को पूरे किए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 01, 2025 08:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).