लखनऊ,12 जुलाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश इस साल जापान और मलेशिया को 40 टन आम निर्यात करेगा। साथ ही यह 160 वर्ष के इतिहास में पहली बार है जब लखनऊ का दशहरी आम अमेरिका को निर्यात किया जा रहा है।
आदित्यनाथ ने कहा कि देश में दशहरी आम का दाम 60 से 100 रुपये के बीच है लेकिन अमेरिकी बाजार इसका दाम 900 रुपये किलोग्राम हो जाता है। यानी अगर हम शुल्क दर, माल ढुलाई और हवाई भाड़ा भी जोड़ लें तो एक किलोग्राम आम अमेरिका भेजने की लागत 250-300 रुपये तक बैठेगी। ऐसे में भी एक किसान को एक किलो आम पर 600 रुपये की बचत होगी।
आधिकारिक बयान के मुताबिक आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अवध शिल्प ग्राम में उत्तर प्रदेश आम महोत्सव- 2024 की शुरुआत की।
इस मौके पर उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के किसान केवल 3.15 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में 58 लाख टन आम का उत्पादन करते हैं। देश के कुल आम उत्पादन में 25 से 30 प्रतिशत योगदान केवल उत्तर प्रदेश का है।’’
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने भारत सरकार के सहयोग से प्रदेश के किसानों के लिए सहारनपुर, अमरोहा, लखनऊ और वाराणसी में चार ‘पैक हाउस’ बनाए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश आम उत्पादन में देश में अग्रणी है लेकिन अब हमें बढ़ती हुई आबादी के अनुरूप मात्रा तथा गुणवत्ता (क्वांटिटी और क्वालिटी) दोनों को बनाए रखने के लिए लगातार काम करना होगा।’’
उन्होंने कहा कि आम के निर्यात की संभावनाएं पहचानते हुए उन देशों तक अपनी पहुंच को बनाना पड़ेगा।
उत्तर प्रदेश आम महोत्सव- 2024 में 120 किस्म के विशेष आम पेश किए गए।
इस मौके पर आम से लैस एक ट्रक को हरी झंडी भी दिखाई गई, जिन्हें विभिन्न देशों को निर्यात किया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने आम किसानों को सम्मानित किया। साथ ही आम स्मारिका का विमोचन किया।
इस तीन दिवसीय (12-14 जुलाई) महोत्सव में आम खाने की प्रतियोगिता और प्रशिक्षण संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसमें उत्तर प्रदेश के साथ ही मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान समेत कई राज्यों के आम के किसान पहुंचे हैं। अलग-अलग राज्यों के उद्यान प्रतिनिधि और आम की खेती करने वाले विशेषज्ञ भी शामिल हो रहे हैं।
कार्यक्रम में पहले दिन उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात राज्य मंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. देवेश चतुर्वेदी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
जफर मनीषा रमण
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY