देश की खबरें | उत्तर प्रदेश: कांच व्यापारी से 20 लाख की रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार

आगरा, आठ फरवरी उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में पुलिस ने एक कांच व्यापारी को जान से मारने की कथित तौर पर धमकी देने और 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के लिए शनिवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी दीपक कुमार ने अपने पिता को नौकरी से निकाले जाने का बदला लेने के लिए कांच व्यापारी मुस्लिम खान को धमकी दी थी।

पुलिस के अनुसार, तीन फरवरी को एक व्यक्ति ने खान को फोन कर 20 लाख रुपये की मांग की और रंगदारी की रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस ने बताया कि खान ने अगले दिन चार फरवरी को एत्मादपुर थाने में मामला दर्ज कराया, जिसके बाद जांच शुरू की गई।

पुलिस के मुताबिक, जांच के बाद पुलिस ने दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया और जिस मोबाइल फोन से कॉल किया गया था, उसे बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि फोन फिरोजाबाद से चोरी किया गया था।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी) सोनम कुमार ने बताया कि दीपक के पिता विश्वजीत मुस्लिम खान के यहां काम करते थे लेकिन दो महीने पहले उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया था, जिसका बदला लेने के लिए आरोपी ने अपने दो साथियों राजा और राजपाल की मदद से खान से पैसे ऐंठने की साजिश रची थी।

उन्होंने बताया कि दीपक ने फिरोजाबाद से मोबाइल फोन चोरी कर कॉल किया।

अधिकारी ने बताया कि दीपक को गिरफ्तार कर लिया गया हालांकि उसके दो साथी राजा और राजपाल अब भी फरार हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)