उत्तर प्रदेश: समीक्षा बैठक में विवादित बयान के बाद महंत राजू दास की सुरक्षा हटायी गयी
फैजाबाद (अयोध्या) लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हार की समीक्षा के लिए हुई बैठक के एक दिन बाद जिला प्रशासन ने हनुमानगढ़ी मंदिर के महंत राजू दास की सुरक्षा हटा दी है. एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को इसकी पुष्टि की.
अयोध्या (उप्र), 23 जून : फैजाबाद (अयोध्या) लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हार की समीक्षा के लिए हुई बैठक के एक दिन बाद जिला प्रशासन ने हनुमानगढ़ी मंदिर के महंत राजू दास की सुरक्षा हटा दी है. एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को इसकी पुष्टि की. पार्टी सूत्रों के अनुसार बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह और अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी की मौजूदगी में समीक्षा बैठक हुई, जिसमें महंत राजू दास भी मौजूद थे.
अयोध्या के जिलाधिकारी (डीएम) नीतीश कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राज करण नैयर को भी मंत्रियों ने कुछ जानकारी के लिए बुलाया था. बैठक के दौरान महंत राजू दास ने कथित तौर पर डीएम और एसएसपी के खिलाफ विवादित बयान दिया और अयोध्या में भाजपा की हार के लिए अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया. सूत्रों के अनुसार राजू दास के आरोप से अधिकारी नाराज हो गए और उनके साथ बैठने से इनकार कर दिया. यह भी पढ़ें : केंद्र को आंध्र प्रदेश, बिहार की विशेष राज्य की मांग पर सावधानी से विचार करने की जरूरत: राजीव कुमार
राजू दास की सुरक्षा हटाए जाने के बारे में पूछे जाने पर अयोध्या के जिलाधिकारी कुमार ने बताया, ‘‘राजू दास के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और हमें शिकायतें मिल रही थीं कि उन्होंने जनता और व्यापारियों को धमकाने के लिए सुरक्षा का दुरुपयोग किया. यह घोर दुरुपयोग है इसलिए सुरक्षा वापस ली गई.’’
जिला प्रशासन के अनुसार राजू दास की सुरक्षा में बंदूकधारी तीन पुलिस कांस्टेबल तैनात थे, जिन्हें तत्काल प्रभाव से शुक्रवार को वापस ले लिया गया. इस बीच, राजू दास ने रविवार को ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि मैंने प्रशासनिक अधिकारियों को चोर और भ्रष्ट कहा था जो कि वे हैं. इसलिए मेरी सुरक्षा वापस ली गई.’’
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 23, 2024 02:59 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

