देश की खबरें | उत्तर प्रदेश: ललितपुर में शवगृह में महिला के शव को चूहों के कुतरने के मामले में जांच के आदेश

ललितपुर (उप्र), छह दिसंबर उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के शवगृह में रखे एक महिला के शव को चूहों द्वारा कुतरने के मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है।

जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ इम्तियाज अहमद ने बुधवार को बताया कि सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव मैलार की महिला अनुभा यादव (21) ने दो दिसंबर को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने रात करीब 11 बजे बिना शव को बिना सील किये शवगृह में रखवा दिया और इसी दौरान शव के चेहरे को चूहों ने कुतर दिया।

तीन दिसंबर को पोस्टमार्टम से पहले परिवार के सदस्यों, पुलिस और अस्पताल के कर्मचारियों ने शव पर काटने के निशान देखे थे। इसके बाद मृतक की मां ने शव को संभालने में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सीएमओ को शिकायत दर्ज कराई।

उन्होंने बताया कि परिजनों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) डॉ वीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई, जो एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

इस जांच समिति में दो चिकित्सा अधिकारी डॉ आशीष अग्निहोत्री और डॉ आर.एन. सोनी शामिल किए गए हैं।

स्थानीय पुलिस के मुताबिक, महिला ने अपने ससुराल में आत्महत्या कर ली थी।

पुलिस ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने महिला के पति और अन्य ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)