एजेंसी न्यूज

उत्तर प्रदेश सरकार को विश्वास, चीन से कारोबार समेटने वाली कंपनियां प्रदेश में करेंगी निवेश

मंगलवार को यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम के तत्वावधान में अमेरिकी कंपनियों के साथ वीडियो कन्फ्रेंसिंग पर चर्चा करने वाले प्रदेश के कुटीर, लघु एवं मझोले उद्योग मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि बातचीत बेहद उत्साहजनक रही।

उत्तर प्रदेश सरकार को विश्वास, चीन से कारोबार समेटने वाली कंपनियां प्रदेश में करेंगी निवेश

लखनऊ, 29 अप्रैल उत्तर प्रदेश सरकार ने विश्वास व्यक्त किया है कि कोरोना महामारी से उत्पन्न स्थितियों में चीन से अपना कारोबार समेटने जा रही अमेरिकी कंपनियां भारत में उत्तर प्रदेश को अपने गंतव्य के तौर पर चुनेंगी।

मंगलवार को यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम के तत्वावधान में अमेरिकी कंपनियों के साथ वीडियो कन्फ्रेंसिंग पर चर्चा करने वाले प्रदेश के कुटीर, लघु एवं मझोले उद्योग मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि बातचीत बेहद उत्साहजनक रही।

सिंह ने बुधवार को कहा कि चीन में अमेरिका ने खासा निवेश किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चीन से अमेरिकी कंपनियों के अपना कारोबार समेटने में भारत, खासकर उत्तर प्रदेश के लिए अवसर देख रहे हैं। वे इस अवसर का लाभ उठाना चाहते हैं।

उन्होंने बताया कि मंगलवार को अमेरिका की 100 कंपनियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हुई और उन सभी ने उत्तर प्रदेश में अपना कारोबार जमाने में दिलचस्पी दिखाई।

सिंह ने बताया कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शामिल हुई कंपनियों को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा लागू की गई क्षेत्र विशेष संबंधी नीतियों के बारे में विस्तार से बताया गया। इनमें रक्षा, औषधि, खाद्य प्रसंस्करण, इलेक्ट्रॉनिक्स और शिक्षा क्षेत्र शामिल हैं।

उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने कहा है कि वे अपने अगले कारोबारी गंतव्य के तौर पर निश्चित रूप से उत्तर प्रदेश को ही चुनेंगे क्योंकि इस राज्य में मजबूत उपभोक्ता आधार होने के साथ-साथ पर्याप्त संख्या में कुशल श्रम शक्ति और काम करने का अनुकूल माहौल उपलब्ध है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2020 06:47 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).