एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | उत्तर प्रदेश: पांच वर्षीय बेटी की हत्या के आरोप में पिता गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में पांच वर्षीय बेटी की हत्या के आरोप में पिता को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | उत्तर प्रदेश: पांच वर्षीय बेटी की हत्या के आरोप में पिता गिरफ्तार

सीतापुर, छह मार्च उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में पांच वर्षीय बेटी की हत्या के आरोप में पिता को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि 40 वर्षीय आरोपी पिता ने पिछले महीने बेटी की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस ने बताया कि मोहित मिश्रा ने रामपुर मथुरा थाने में 25 फरवरी को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराते हुए दावा किया था कि उसकी बेटी तनी लापता हो गई है।

पुलिस ने हालांकि जांच के दौरान पाया कि मिश्रा ने खुद ही बच्ची की गला घोटकर हत्या की और शव को गांव के बाहर एक खेत में फेंक दिया।

पुलिस के मुताबिक, अगले ही दिन 26 फरवरी को सरसों के खेत में बच्ची का पैर बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने बच्ची के शरीर के अन्य हिस्से भी बरामद कर लिए।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम में गला घोटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद पुलिस और विशेष अभियान समूह ने जांच तेज की और मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपी पिता ने अपना जुर्म कबूल लिया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मिश्रा ने बताया कि वह अपने पड़ोसी रामू के साथ विवाद को लेकर परेशान था और उससे बोलचाल बंद थी।

पुलिस ने बताया कि मिश्रा ने अपने बच्चों को रामू के घर नहीं जाने की चेतावनी दी थी लेकिन उसकी बेटी रामू के घर खेलने के लिए चली गई थी। आरोपी पिता ने पुलिस को बताया कि 25 फरवरी की शाम जब वह मोटरसाइकिल से बाहर जा रहा था तभी उसने तनी को पड़ोसी के घर जाते देखा, जिस पर उसे गुस्सा आया और वह बेटी को मोटरसाइकिल पर बैठाकर एक सुनसान इलाके में ले गया और गला घोटकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक, बाद में जंगली जानवरों ने बच्ची के शव को क्षत विक्षत कर दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 06, 2025 05:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).