देश की खबरें | उत्तर प्रदेश चुनाव : बसपा ने नए चुनावी नारे के साथ प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने शनिवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण के तहत 55 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए 51 सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों के नामों की दूसरी सूची जारी की।

लखनऊ, 22 जनवरी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने शनिवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण के तहत 55 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए 51 सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों के नामों की दूसरी सूची जारी की।

मायावती ने इस अवसर पर चुनावी नारा भी दिया ‘‘हर पोलिंग बूथ को जिताना हैं, बसपा को सत्ता मे लाना हैं।’’

उन्होंने इस अवसर पर पार्टी प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वह कोरोना नियमों का पालन करते हुए चुनाव मैदान में उतरें।

यहां जारी दूसरी सूची में सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, अमरोहा, बदायूं, बरेली और शाहजहांपुर जिलों की सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, आज घोषित उम्मीदवारों में 23 मुस्लिम, 10 अनुसूचित जाति और एक ब्राह्मण शामिल हैं।

बसपा द्वारा जारी दूसरी सूची में सहारानपुर की बेहट सीट से रईस मलिक, बिजनौर की नजीबाबाद सीट से शाहनवाज आलम, मुरादाबाद की कांठ सीट से आफाक अली खां, संभल की चंदौसी सुरक्षित सीट से रणविजय सिंह, रामपुर जिले की रामपुर सीट से सदाकत हुसैन, शाहजहांपुर की कटरा सीट से राजेश कश्यप आदि का नाम शामिल हैं।

इस अवसर पर मायावती ने कहा, ‘‘बसपा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में पूरी ताकत और तैयारी के साथ अकेले लड़ रही है, लेकिन पंजाब में उसने अकाली दल के साथ गठबंधन किया है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारी पार्टी को इन दोनों राज्यों में अच्छे परिणाम मिलेंगे और उसका गठबंधन पंजाब में अच्छा प्रदर्शन करेगा।"

उल्लेखनीय है कि बसपा प्रत्याशियों की पहली सूची 15 जनवरी को जारी की गयी थी।

उत्तर प्रदेश में चुनाव की शुरुआत 10 फरवरी को राज्य के पश्चिमी हिस्से के 11 जिलों की 58 सीटों पर मतदान के साथ होगी। दूसरे चरण में 14 फरवरी को राज्य की 55 सीटों पर मतदान होगा। उत्तर प्रदेश में 20 फरवरी को तीसरे चरण में 59 सीटों पर, 23 फरवरी को चौथे चरण में 60 सीटों पर, 27 फरवरी को पांचवें चरण में 60 सीटों पर, तीन मार्च को छठे चरण में 57 सीटों पर और सात मार्च को सातवें चरण में 54 सीटों पर मतदान होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\