देश की खबरें | उप्र विधानसभा उपचुनाव : छानबे सीट पर सपा आगे, स्वार सीट पर अपना दल (एस) को बढ़त

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश में छानबे और स्वार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में ताजा रुझानों के मुताबिक, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) स्वार और समाजवादी पार्टी (सपा) छानबे सीट पर आगे है।

लखनऊ, 13 मई उत्तर प्रदेश में छानबे और स्वार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में ताजा रुझानों के मुताबिक, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) स्वार और समाजवादी पार्टी (सपा) छानबे सीट पर आगे है।

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार, छानबे (अनुसूचित जाति) सीट पर सपा की कीर्ति कोल अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी अपना दल (सोनेलाल) की रिंकी कोल से 412 मतों से आगे हैं। वहीं, स्‍वार में अपना दल (सोनेलाल) के शफीक अहमद अंसारी सपा की अनुराधा चौहान से 2218 मतों से आगे हैं।

उत्तर प्रदेश में रामपुर जिले की स्वार और मिर्जापुर जिले की छानबे (एससी) विधानसभा सीटों के लिए 10 मई को मतदान हुआ था। उपचुनावों में सबका ध्यान स्वार सीट पर है क्योंकि इस सीट का प्रतिनिधित्व पहले सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम खान करते थे।

स्वार सीट सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम को एक मामले में सजा सुनाये जाने के बाद उनकी सदस्यता रद्द होने के चलते रिक्त हुई है जबकि छानबे सीट भाजपा के सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) के विधायक राहुल कोल के निधन की वजह से खाली हुई है।

रामपुर से मिली खबर के मुताबिक, सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान अब तक अपने घर से बाहर नहीं निकले और न ही उन्होंने कोई बयान जारी किया।

उपचुनाव में सत्ताधारी गठबंधन और विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के बीच सीधा मुकाबला है।

403 सदस्यीय उत्तर प्रदेश विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा के 255 विधायक हैं और उसके सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) और निषाद पार्टी के क्रमशः 11 और छह विधायक हैं।

समाजवादी पार्टी के 109 विधायक हैं जबकि उसकी सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल के नौ विधायक हैं। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के छह विधायक हैं, कांग्रेस और जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के दो-दो विधायक हैं और बहुजन समाज पार्टी के पास विधानसभा में एक सदस्य है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\