देश की खबरें | प्रसाद में 'पशु चर्बी' वाले घी का इस्तेमाल हिंदू समाज की आस्था का घोर अपमान : विहिप नेता
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के नेता मिलिंद परांडे ने आंध्र प्रदेश के तिरुपति मंदिर में प्रसाद में 'पशु चर्बी' वाले घी के इस्तेमाल पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि यह हिंदू आस्था का घोर अपमान है।
जयपुर, 21 सितंबर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के नेता मिलिंद परांडे ने आंध्र प्रदेश के तिरुपति मंदिर में प्रसाद में 'पशु चर्बी' वाले घी के इस्तेमाल पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि यह हिंदू आस्था का घोर अपमान है।
विहिप के राष्ट्रीय संगठन महासचिव ने शनिवार को यहां संवाददाताओं से कहा, "यह हिंदू समाज की आस्था का घोर अपमान है। मंदिर ट्रस्टों पर सरकारी नियंत्रण तथा अन्य आस्थाओं के व्यक्तियों को मंदिर प्रबंधन में जगह देने से ऐसी निंदनीय घटना हुई है। देश में चर्च या मस्जिदें नहीं, केवल हिंदू मंदिर सरकारी नियंत्रण के अधीन हैं।''
परांडे ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद की मांग है कि हिंदू मंदिरों पर हिंदू समाज का नियंत्रण होना चाहिए, हमारा प्रयास है कि मंदिरों के संचालन में समाज के हर वर्ग की सहभागिता हो तथा मंदिर धर्म व समाज सेवा का केंद्र बने।
उन्होंने धर्मांतरण के खिलाफ केंद्रीय कानून बनाने की वकालत करते हुए तुष्टिकरण की नीतियों को रोकने की जरूरत पर भी जोर दिया।
वक्फ संशोधन विधेयक के सवाल पर उन्होंने कहा कि वक्फ की तुलना मंदिरों से असंभव है, विश्व हिंदू परिषद राष्ट्रहित में लाए जा रहे ऐसे सभी संशोधनों का समर्थन करता है।
परांडे ने गणपति उत्सव सहित हिंदू शोभा यात्राओं पर हाल ही में हुए हमलों की निंदा करते हुए कहा कि ऐसी हिंसक जिहादी मानसिकता के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अनिवार्य है तथा शोभायात्रा के रास्तों पर ड्रोन से निगरानी की जानी चाहिए।
असामाजिक तत्वों द्वारा ट्रेनों को निशाना बनाए जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा, ''आज रेलवे को निशाना बनाकर हजारों निर्दोषों की जान लेने के प्रयास राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है। ऐसे हमलों में जानबूझकर नाबालिगों का उपयोग किया जा रहा है। अतः नाबालिगों द्वारा आतंकवाद जैसे जघन्य अपराधों के मामले में उन्हें बालिग मानकर कार्रवाई करनी चाहिए।''
उन्होंने बताया कि बजरंग दल की दो दिवसीय अखिल भारतीय बैठक 21 तथा 22 सितंबर को जयपुर में हो रही है जिसमें सभी प्रांतों के सौ से अधिक प्रमुख कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं। इस बैठक में 'हिंदू समाज के विरुद्ध षड्यंत्र पूर्वक धर्मांतरण तथा मुस्लिम समाज के एक वर्ग द्वारा लव जिहाद के आक्रमण को रोकने के लिए उपाय योजना' का संकल्प लिया गया।
परांडे ने बताया कि बजरंग दल हिंदू समाज की सेवा, संस्कार तथा सुरक्षा के लिए समर्पित युवा संगठन है, युवाओं में नशे के विरुद्ध जागरुकता के उद्देश्य से 23 से 30 नवंबर तक बजरंग दल द्वारा प्रखंड स्तर पर "रन फॉर हेल्थ" मैराथन का आयोजन होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 21, 2024 09:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

