अमेरिका कोविड-19 का टीका विकसित करने में अंतरराष्ट्रीय प्रयासों का नेतृत्व करे: कांग्रेस सदस्य
विदेश मंत्री पोम्पिओ को लिखे एक पत्र में कांग्रेस सदस्यों एमी बेरा और टेड योहो ने अमेरिका से महामारी संबंधी सजगता नवोन्मेष गठबंधन (सीईपीआई) में शामिल होने का आग्रह किया।
वाशिंगटन, दो मई भारतीय मूल के एक अमेरिकी समेत अमेरिकी कांग्रेस के दो सदस्यों ने विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि अमेरिका कोविड-19 का टीका विकसित करने और वितरित करने के अंतरराष्ट्रीय प्रयासों का नेतृत्व करे।
विदेश मंत्री पोम्पिओ को लिखे एक पत्र में कांग्रेस सदस्यों एमी बेरा और टेड योहो ने अमेरिका से महामारी संबंधी सजगता नवोन्मेष गठबंधन (सीईपीआई) में शामिल होने का आग्रह किया।
यह गठबंधन एक अंतरराष्ट्रीय सार्वजनिक-निजी साझेदारी है जिसके तहत वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय टीका सहयोग तंत्र निर्माण के लिए आगे बढ़कर प्रयास किए जा रहे हैं।
कांग्रेस के दोनों सदस्यों ने कहा कि सीईपीआई में अमेरिका के शामिल होने से कोविड-19 का टीका विकसित करने के प्रयासों में तेजी आएगी और इन प्रयासों में अमेरिका को अपना सहयोग देना चाहिए।
भारत सीईपीआई का सदस्य है।
बेरा ने कहा, ‘‘मुझे दृढ़ विश्वास है कि अमेरिका एक टीका विकसित करने वाला पहला देश होगा, लेकिन यह भी संभव है कि अन्य देश ऐसा पहले कर सकते हैं। इसलिए यह महत्वपूर्ण है कि अमेरिका कोविड-19 का टीका विकसित करने में अंतरराष्ट्रीय प्रयासों का नेतृत्व करे ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि यह टीका दुनियाभर के स्वास्थ्यकर्मियों तक पहुंचे।’’
योहो ने कहा कि कोविड-19 से अमेरिका और दुनिया के लोग बीमार हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका के लिए अब अपनी नेतृत्व क्षमता दिखाने का समय है और अमेरिका को न केवल कोविड-19, बल्कि भविष्य में सामने आने वाली अन्य कई बीमारियों से निपटने के लिए टीका विकसित करने और अनुसंधान के लिए आर्थिक मदद भी उपलब्ध करानी चाहिए।’’
गौरतलब है कि अमेरिका में कोरोना वायरस से 65 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 02, 2020 11:51 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

