विदेश की खबरें | अमेरिका के जलवायु दूत कैरी ने चीनी अधिकारियों से मुलाकात की
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

बीजिंग में अपनी यात्रा के दूसरे दिन कैरी ने सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के विदेश संबंध प्रमुख वांग यी से मुलाकात की और उनसे कहा कि बाइडन को उम्मीद है कि दोनों देश मिलकर इस तरह के प्रयास कर सकते हैं जो दुनिया में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकें।

प्रौद्योगिकी तक पहुंच, मानवाधिकार और स्वशासी ताइवान के खिलाफ चीन की धमकियों जैसे मुद्दों पर विवाद के बाद अमेरिका और चीन के रिश्ते ऐतिहासिक रूप से निम्न स्तर पर हैं।

वांग ने अपने उद्घाटन वक्तव्य में कहा कि दोनों पक्षों के बीच संवादहीनता रही, लेकिन चीन का मानना है कि संवाद फिर शुरू करके ‘‘हम किसी भी समस्या का उचित समाधान निकाल सकते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कई बार, छोटी समस्याएं बड़ी बन सकती हैं।’’ साथ ही कहा कि ‘समान आधार पर’ बातचीत होनी चाहिए।

यह परोक्ष रूप से चीन की आक्रामक विदेश नीति पर अमेरिका की आलोचना, मुस्लिम और बौद्ध अल्पसंख्यकों के मानवाधिकारों का हनन और हांगकांग के चीन द्वारा नियुक्त नेता से लेकर देश के रक्षा मंत्री तक अधिकारियों के खिलाफ यात्रा पाबंदियों के संदर्भ में कहा गया।

चीन ने पिछले साल अगस्त में बाइडन प्रशासन के साथ जलवायु से जुड़े मुद्दों समेत विभिन्न विषयों पर कुछ मध्यम और उच्च स्तर के संपर्क तोड़ दिये थे। उसने अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की तत्कालीन अध्यक्ष नैन्सी पेलोसी की ताइवान यात्रा पर नाराजगी जताते हुए ऐसा किया था। चीन इस द्वीपीय क्षेत्र पर अपना दावा करता है।

कैरी पिछले कुछ सप्ताह में चीनी अधिकारियों से मुलाकात के लिए इस देश की यात्रा पर आये बाइडन प्रशासन के तीसरे वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हैं। उनसे पहले विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और वित्त मंत्री जेनेट येलेन चीन यात्रा कर चुके हैं।

कैरी ने कहा कि वह बेहतरी के लिए हमारे रिश्तों में बदलाव के अवसर को सराहते हैं और बाइडन इस रिश्ते में स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध हैं और मिलकर प्रयास करने के पक्षधर हैं ताकि दुनिया में महत्वपूर्ण बदलाव लाया जा सके।

कैरी ने कहा, ‘‘बाइडन राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ अपने संबंध को महत्व देते हैं और मुझे लगता है कि राष्ट्रपति शी भी राष्ट्रपति बाइडन के साथ अपने रिश्ते को अहमियत देते हैं। मुझे पता है कि वह भी आगे बढ़ने और परिस्थितियों में बदलाव को लेकर आशान्वित हैं।’’

कैरी ने बाद में नव नियुक्त प्रधानमंत्री ली क्विंग से शिष्टाचार भेंट की।

कैरी की सोमवार को उनके समकक्ष शी झेन्हुआ के साथ बैठक के बारे में जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)