यूपीएससी ने 31 मई को होने वाली प्रारंभिक परीक्षा को टाला
आयोग द्वारा सिविल सेवा परीक्षा हर वर्ष तीन चरणों में आयोजित की जाती है -- प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार। इस परीक्षा के जरिये भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के लिए अधिकारियों का चयन किया जाता है।
नयी दिल्ली, चार मई संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने कहा है कि कोविड-19 के कारण देश भर में जारी लॉकडाउन को देखते हुए 31 मई को होने वाली सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा को आगे के लिए टाल दिया गया है और परीक्षा की नई तारीखों पर इस महीने के अंत तक निर्णय किया जाएगा।
आयोग द्वारा सिविल सेवा परीक्षा हर वर्ष तीन चरणों में आयोजित की जाती है -- प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार। इस परीक्षा के जरिये भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के लिए अधिकारियों का चयन किया जाता है।
इस परीक्षा में प्रति वर्ष लाखों उम्मीदवार हिस्सा लेते हैं।
सिविल सेवा परीक्षा 2020 के माध्यम से आयोग ने करीब 796 रिक्तियों को भरने की घोषणा की थी।
कोविड-19 के कारण लागू तीसरे चरण के राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन को देखते हुए स्थिति की समीक्षा के लिए आयोग की सोमवार को हुई बैठक में यह निर्णय किया गया।
यूपीएससी ने विज्ञप्ति जारी कर बताया, ‘‘प्रतिबंधों को बढ़ाने का संज्ञान लेते हुए आयोग ने निर्णय किया है कि वर्तमान में परीक्षाएं आयोजित करना और साक्षात्कार लेना संभव नहीं होगा।’’
इसने कहा कि 31 मई को होने वाली सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2020 को आगे के लिए टाला जाता है।
विज्ञप्ति में बताया गया, ‘‘चूंकि परीक्षा भारतीय वन सेवा परीक्षा के लिए भी स्क्रीनिंग टेस्ट होता है, इसलिए भारतीय वन सेवा की परीक्षा की तिथि भी टाली जाती है।’’
आयोग ने कहा कि स्थिति की समीक्षा फिर 20 मई को की जाएगी और यूपीएससी की वेबसाइट पर इन परीक्षाओं के लिए नयी तारीखों को अधिसूचित किया जाएगा।
यूपीएससी ने कहा, ‘‘जब भी परीक्षा की अगली तिथि पर निर्णय किया जाएगा, तो यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उम्मीदवारों को कम से कम 30 दिन पहले सूचित कर दिया जाए।’’
आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2019 के लिए शेष छात्रों का पर्सनैलिटी टेस्ट, भारतीय आर्थिक सेवा, भारतीय सांख्यिकी सेवा परीक्षा, 2020 की अधिसूचना, समन्वित चिकित्सा सेवा परीक्षा, 2020 की अधिसूचना, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल परीक्षा, 2020 और एनडीए एवं नौसेना अकादमी परीक्षा, 2020 की अधिसूचना को भी टाल दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2020 05:47 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

