एजेंसी न्यूज

यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा की तारीख पर पांच जून को फैसला होने की संभावना

कोविड-19 लॉकडाउन के कारण 31 मई को होने वाली परीक्षा टाल दी गयी थी।

यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा की तारीख पर पांच जून को फैसला होने की संभावना
जमात

नयी दिल्ली, 20 मई संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने कहा है कि इस साल होने वाली सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा की तारीख के बारे में पांच जून को फैसला होने की संभावना है।

कोविड-19 लॉकडाउन के कारण 31 मई को होने वाली परीक्षा टाल दी गयी थी।

आयोग की बुधवार को विशेष बैठक हुयी जिसमें लॉकडाउन के तीसरे चरण के बाद की स्थिति की समीक्षा की गयी।

यूपीएससी ने एक बयान में कहा कि कई प्रतिबंधों को देखते हुए आयोग ने फैसला किया कि फिलहाल परीक्षाएं और साक्षात्कार फिर से शुरू करना संभव नहीं होगा।

आयोग ने हालांकि, केंद्र सरकार और विभिन्न राज्यों द्वारा घोषित की जा रही छूट पर गौर किया और लॉकडाउन के चौथे चरण के बाद फिर से स्थिति की समीक्षा करने का फैसला किया।

बयान में कहा गया है कि विभिन्न परीक्षाओं और साक्षात्कारों के अभ्यर्थियों को कुछ स्पष्टता देने के लिए आयोग पांच जून को होने वाली अपनी अगली बैठक में परीक्षाओं का संशोधित कार्यक्रम जारी करेगा।

आयोग की पांच जून की बैठक के बाद सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा सहित विभिन्न परीक्षाओं के नए कैलेंडर का विवरण यूपीएससी की वेबसाइट पर प्रकाशित किया जाएगा।

सिविल सेवा परीक्षा हर साल तीन चरणों - प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार के तहत आयोजित की जाती है। इसके तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों का चयन किया जाता है।

हर साल लाखों उम्मीदवार इस परीक्षा में भाग लेते हैं।

आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2020 के जरिए 796 रिक्तियों को भरने की घोषणा की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 20, 2020 08:09 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).