देश की खबरें | उप्र : ट्रक की टक्कर से कार सवार पुलिस निरीक्षक की मौत

प्रतापगढ़, सात जनवरी उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र में लखनऊ राजमार्ग पर पारा हमीदपुर कामापुर मोड़ के पास शनिवार सुबह एक ट्रक की चपेट में आने से कार सवार एक पुलिस निरीक्षक की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि हादसे में मारे गए पुलिस निरीक्षक की पहचान प्रयागराज कोतवाली के प्रभारी अमर सिंह रघुवंशी के रूप में हुई है।

अंतू थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार के मुताबिक, शनिवार सुबह हुई भीषण टक्कर में कार और ट्रक दोनों पलट गए। उन्होंने बताया कि हादसे में कार इतनी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई कि गैस कटर से शीशा काटकर पुलिस निरीक्षक के शव को बाहर निकला गया।

कुमार के अनुसार, हादसे में मारे गए पुलिस निरीक्षक अमर सिंह रघुवंशी (55) अमेठी के गंगागंज नगर के निवासी थे। वह अदालत में गवाही देने के लिए प्रयागराज से रायबरेली जा रहे थे।

उन्होंने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।

कुमार के मुताबिक, हादसे की सूचना पाकर अपर पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्रा और पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) सुबोध गौतम दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस निरीक्षक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजवाया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)