UP: मेरठ के लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज से एक दिन का नवजात शिशु चोरी
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में लाला लाजपत राय स्मारक (एलएलआरएम) मेडिकल कॉलेज के वार्ड से एक दिन का एक नवजात शिशु चोरी हो जाने का एक मामला सामने आया है. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी.
मेरठ (उत्तर प्रदेश), 31 अगस्त : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में लाला लाजपत राय स्मारक (एलएलआरएम) मेडिकल कॉलेज के वार्ड से एक दिन का एक नवजात शिशु चोरी हो जाने का एक मामला सामने आया है. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी. पुलिस सूत्रों ने इस सिलसिले में दर्ज की गई एक रिपोर्ट के हवाले से बताया कि किठौर थाना क्षेत्र के महलवाला गांव निवासी नीनू की पत्नी डॉली ने अस्पताल में सोमवार को एक शिशु को जन्म दिया था.
पुलिस ने कहा कि नीनू के मुताबिक, वार्ड में एक युवक ने खुद को अस्पताल का कर्मचारी बताते हुए उससे कहा था कि उसका भी एक मरीज भर्ती है. मंगलवार पूर्वाह्न करीब साढ़े 10 बजे युवक ने उससे कहा कि नर्स ने टीका लगाने के लिये बच्चे को लाने को कहा है. पुलिस ने बताया कि नीनू ने उस युवक पर भरोसा करके उसे बच्चा दे दिया, लेकिन जब वह एक घंटे बाद भी नहीं लौटा तो उसे संदेह हुआ. लेकिन काफी तलाश के बाद भी वह (युवक) नहीं मिला. यह भी पढ़ें : कोलकाता में गणपति पूजा की बढ़ रही लोकप्रियता
पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया है और नवजात शिशु को सकुशल बरामद करने के प्रयास किये जा रहे हैं. सीसीटीवी फुटेज की भी मदद ली जा रही है. वहीं, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर आर सी गुप्ता ने बताया कि अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में युवक बच्चे को ले जाते हुए नजर आ रहा है.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 31, 2022 04:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

