देश की खबरें | सैन्य अधिकारी की मां को चेक सौंपते समय ‘संवेदनहीनता’ के लिए उप्र के मंत्री, विधायक की आलोचना

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विपक्षी दलों ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए कैप्टन शुभम गुप्ता की मां को मुआवजे का चेक सौंपते समय संवेदनहीनता दिखाई और इस अवसर का इस्तेमाल ‘फोटो खिंचवाने’ के रूप में करने के लिए उनकी आलोचना की।

नयी दिल्ली/आगरा, 24 नवंबर विपक्षी दलों ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए कैप्टन शुभम गुप्ता की मां को मुआवजे का चेक सौंपते समय संवेदनहीनता दिखाई और इस अवसर का इस्तेमाल ‘फोटो खिंचवाने’ के रूप में करने के लिए उनकी आलोचना की।

सैन्य अधिकारी का पार्थिव शरीर उनके घर लाए जाने से पहले, उत्तर प्रदेश के शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय और स्थानीय विधायक जी. एस. धर्मेश ने मीडियाकर्मियों के सामने गुप्ता की रोती मां को 50 लाख रुपये का चेक सौंपने की कोशिश की। सैन्यकर्मी की मां ने कहा कि उन्हें इसकी जरूरत नहीं है और इस बात पर जोर देती रहीं कि उन्हें इस ‘‘प्रदशर्नी’’ में न घसीटा जाए।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए प्रदर्शनी मत लगाओ।’’ शहीद की मां ने रोते हुए कहा कि वह अपने बेटे को वापस चाहती है लेकिन उनके आसपास के कुछ लोग उन्हें चेक पकड़ने के लिए कह रहे थे।

कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने इस अवसर को ‘‘फोटो खिंचाने’’ के मौके के रूप में इस्तेमाल करने के लिए मंत्री की आलोचना की। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) खाते से वीडियो साझा करते हुए लिखा, ‘‘गिद्ध।’’

शिवसेना (यूबीटी) सांसद और राज्यसभा में उपनेता प्रियंका चतुर्वेदी ने वीडियो साझा करते हुए ‘‘बेशर्म, संवेदनहीन’’ कहा। उन्होंने दूसरे पोस्ट में कहा, ‘‘प्रदर्शनी ना लगाओ’-मां गमगीन होकर गुहार लगा रही है, फिर भी मंत्री अपना फोटो सेशन जारी रखते हैं। यह कैसी बेशर्मी है? शहीद परिवार को कैमरे के बिना शांति से शोक भी नहीं मनाने देंगे। निर्मम लोग।’’

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने कहा, ‘‘भाजपा में बी का मतलब बेशर्म और पी का मतलब पब्लिसिटी होना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कैप्टन शुभम गुप्ता ने राजौरी सेक्टर में मुठभेड़ के दौरान कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी मां दुखी हैं और बेसब्री से अपने बेटे के पार्थिव शरीर का इंतजार कर रही हैं।’’

चड्ढा ने वीडियो साझा करते हुए एक पोस्ट में कहा, ‘‘मां की उनके दुख को तमाशा न बनाने की अपील के बावजूद यूपी सरकार के मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय बेशर्मी से अपने प्रचार के लिए एक तस्वीर लेने पर अड़े हुए हैं। शर्म की बात है।’’

सेना के कुछ पूर्व शीर्ष अधिकारियों ने भी नेताओं के आचरण पर नाखुशी व्यक्त की।

कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, ‘‘27 साल के शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता की रोती हुई मां ने भाजपा सरकार के मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय और चाटुकारों से कहा-‘यह प्रदर्शनी मत लगाओ भाई’...वह 50 लाख रुपये का चेक लेकर पहुंचे थे।’’

इससे पहले, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जम्मू-कश्मीर में मुठभेड़ के दौरान पांच सैन्यकर्मियों की मौत पर दुख व्यक्त किया और कहा कि देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है।

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के बाजीमल इलाके में बुधवार को आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन में दो कैप्टन समेत पांच सैन्यकर्मी शहीद हो गए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now