उत्तर प्रदेश: छह साल के बच्चे की हत्या के आरोप में दंपत्ति गिरफ्तार, जांच जारी
ललितपुर जिले के जाखलौन थाना क्षेत्र के दावनी गांव से लापता छह साल के बच्चे की हत्या के आरोप में पुलिस ने एक दंपती को शनिवार को गिरफ्तार किया. नाथ ने बताया कि गिरफ्तार दंपती के घर और एक साड़ी में खून के छींटे पाए जाने पर पति-पत्नी से पूछताछ करने पर बच्चे की हत्या का राज खुला.
ललितपुर/उत्तर प्रदेश, 31 जनवरी: ललितपुर जिले के जाखलौन थाना क्षेत्र के दावनी गांव से लापता छह साल के बच्चे की हत्या के आरोप में पुलिस ने एक दंपती को शनिवार को गिरफ्तार किया. ललितपुर के नगर पुलिस उपाधीक्षक (सीओ सिटी) केशव नाथ ने रविवार को बताया कि 28 जनवरी से लापता जगत सिंह राजपूत के छह साल के बेटे अंश का शव 29 जनवरी को एक खेत में मिला था. इस मामले में उसके पड़ोस में रहने वाली महिला गुड्डू देवी (50) और उसके पति तुलसी राजपूत (55) को गिरफ्तार किया है.
सीओ सिटी ने गिरफ्तार दंपती के हवाले से बताया कि बालक 28 जनवरी को छत पर खेल रहा था, तभी खेल-खेल में उसने एक पत्थर महिला (गुड्डू) को मार दिया था. गुस्से में गुड्डू ने भी एक नुकीला पत्थर बच्चे को मार दिया, जिसके लगने से वह बेहोश हो गया था.
उन्होंने बताया कि बच्चे के बेहोश होने से घबरा कर महिला ने पत्थर से मुंह कुचलकर बच्चे की हत्या कर दी और शव दिन भर अपने घर में रखे रही, फिर रात में अपने पति के सहयोग से उसे रामसेवक नाम के व्यक्ति के आलू के खेत में शव पत्तों में छिपाकर रख दिया था. नाथ ने बताया कि गिरफ्तार दंपती के घर और एक साड़ी में खून के छींटे पाए जाने पर पति-पत्नी से पूछताछ करने पर बच्चे की हत्या का राज खुला.
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 31, 2021 11:08 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

