देश की खबरें | उप्र: स्वार और छानबे में विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार थमा, सपा और अपना दल (एस) में मुख्य मुकाबला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के दो विधानसभा क्षेत्रों स्वार (रामपुर) और छानबे (मिर्जापुर) में होने वाले उपचुनाव के लिए सोमवार की शाम चुनाव प्रचार थम गया। दोनों सीट के लिए 10 मई को मतदान और 13 मई को मतगणना होगी।
रामपुर/मिर्जापुर (उप्र), आठ मई उत्तर प्रदेश के दो विधानसभा क्षेत्रों स्वार (रामपुर) और छानबे (मिर्जापुर) में होने वाले उपचुनाव के लिए सोमवार की शाम चुनाव प्रचार थम गया। दोनों सीट के लिए 10 मई को मतदान और 13 मई को मतगणना होगी।
इस उपचुनाव के लिए राजनीतिक दलों ने प्रचार के अंतिम दिन रविवार को एक दूसरे पर जमकर प्रहार किया। हालांकि, राजनीतिक दलों के राष्ट्रीय नेताओं की कनार्टक विधानसभा चुनाव में सक्रियता की वजह से इन क्षेत्रों में उनकी उपस्थिति कम रही है।
इस उपचुनाव राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार मैदान में नहीं हैं, लेकिन दोनों सीट पर भाजपा की सहयोगी अपना दल (एस) के उम्मीदवार मैदान में हैं और इनका मुकाबला मुख्य विपक्षी पार्टी समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवारों से है।
उपचुनाव से बसपा ने दूरी बनाई है, लेकिन कांग्रेस ने छानबे सीट पर अपना उम्मीदवार उतारा है। भाजपा के एक नेता ने कहा कि 2022 में भी इन दोनों सीट पर अपना दल (एस) ने ही चुनाव लड़ा था, इसलिए भाजपा ने गठबंधन धर्म का निर्वाह करते हुए उसको ही मौका दिया है और हम दोनों सीट जीतेंगे।
स्वार सीट पर 2022 में सपा के अब्दुल्ला आजम ने जीत हासिल की थी, लेकिन एक मामले में अदालत से सजा सुनाये जाने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गयी।
छानबे सीट पर अपना दल (एस) के राहुल प्रकाश कोल चुनाव जीते थे, जिनका हाल ही में बीमारी से निधन हो गया।
रिक्त हुई इन दोनों सीट पर 10 मई को होने वाले मतदान के लिए पुलिस और निर्वाचन आयोग ने अपनी-अपनी तैयारी पूरी कर ली है।
स्वार में सपा की अनुराधा चौहान और अपना दल (एस) के शफीक अहमद अंसारी के बीच मुख्य मुकाबला है। स्वार क्षेत्र में तीन लाख से ज्यादा मतदाता हैं।
समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खां ने स्वार विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में पार्टी की उम्मीदवार अनुराधा चौहान की जीत का दावा करते हुए सोमवार को कहा कि यदि सपा उम्मीदवार के साथ कोई भी ‘अन्याय’ होता है तो यह उनके साथ धोखा होगा।
खां ने एक अदालत द्वारा अपने बेटे अब्दुल्ला आजम को दोषी ठहराये जाने और बाद में विधायक के रूप में अयोग्य ठहराए जाने के कारण इस सीट पर उपचुनाव की आवश्यकता का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘अब्दुल्ला आजम को (विधानसभा से) दो बार अयोग्य घोषित किया गया है ... कोई भी ऐसा नहीं है जो उन्हें हरा सके।’’
सपा प्रमुख अखिलेश यादव और पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव पार्टी प्रत्याशी के प्रचार के लिए रामपुर नहीं गए।
रविवार को अपना दल (सोनेलाल) प्रमुख और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने अपना दल (एस) उम्मीदवार शफीक अहमद अंसारी के लिए प्रचार किया।
मुरादाबाद की एक अदालत द्वारा 15 साल पुराने एक मामले में अब्दुल्ला आजम को दो साल की जेल की सजा सुनाये जाने के कारण उनकी सदस्यता समाप्त कर दी गयी थी और 13 फरवरी को यह सीट रिक्त घोषित कर दी गयी थी।
वर्ष 2020 में, इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने हलफनामे में उम्र छिपाने के लिए अब्दुल्ला आजम का निर्वाचन रद्द कर दिया था।
मिर्जापुर जिले की छानबे विधानसभा सीट 2022 में अपना दल (एस) के कब्जे में रही और पार्टी ने अपनी इस सीट को बरकरार रखने के लिए दिवंगत विधायक राहुल प्रकाश कोल की पत्नी रिंकी कोल को मैदान में उतारा है।
राहुल प्रकाश कोल का इस साल फरवरी में मुंबई के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। वह 40 वर्ष के थे।
सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिर्जापुर जिले की एक सभा में विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए रिंकी कोल के पक्ष में मतदाताओं से अपील की।
आदित्यनाथ ने कहा कि जिन लोगों ने आपको एक-एक बूंद पानी के लिए तरसाया था, आप उनको एक-एक वोट के लिए तरसाइए।
यहां समाजवादी पार्टी ने कीर्ति कोल को उम्मीदवार बनाया है। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित छानबे निर्वाचन क्षेत्र में लगभग 3.65 लाख मतदाता हैं।
आनन्द
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)