देश की खबरें | उप्र विधानसभा ने सुरंग से श्रमिकों की सकुशल वापसी पर मोदी, धामी एवं बचाव दल को बधाई दी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन शुक्रवार को सदन ने ध्वनि मत से उत्तराखंड में निर्माणाधीन सिल्क्यारा सुरंग से उत्तर प्रदेश के श्रमिकों की सकुशल वापसी को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बचाव दल के सदस्यों और इस अभियान से प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष जुड़े सभी लोगों को बधाई देते हुए आभार ज्ञापित किया।
लखनऊ, एक दिसंबर उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन शुक्रवार को सदन ने ध्वनि मत से उत्तराखंड में निर्माणाधीन सिल्क्यारा सुरंग से उत्तर प्रदेश के श्रमिकों की सकुशल वापसी को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बचाव दल के सदस्यों और इस अभियान से प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष जुड़े सभी लोगों को बधाई देते हुए आभार ज्ञापित किया।
विधानसभा में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड में निर्माणाधीन सिल्क्यारा सुरंग से उत्तर प्रदेश के श्रमिकों की सकुशल वापसी के लिए बधाई एवं धन्यवाद प्रस्ताव रखा।
विधानसभा अध्यक्ष महाना ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड के उत्तरकाशी में निर्माणाधीन सिल्क्यारा सुरंग में 12 नवंबर 2023 से 17 दिनों से फंसे आठ राज्यों के 41 श्रमिकों को विभिन्न एजेंसियों के द्वारा लगभग 400 घंटे तक चल रहे राहत एवं बचाव अभियान के फलस्वरूप सकुशल बाहर निकाला गया, उसके लिए ‘‘हम सभी गौरवान्वित हैं।’’
उन्होंने कहा , ‘‘हम श्रमवीरों के सुरक्षित बाहर आने पर उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षित भविष्य की कामना करते हैं।’’
महाना ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल प्रबंधन से उत्तरकाशी सुरंग से 41 श्रमिकों की हुई सकुशल वापसी को लेकर बचाव अभियान दल सदस्यों के प्रति यह सदन सर्वसम्मति से आभार व्यक्त करता है, उन सभी को बधाई देता है और उन सभी को धन्यवाद देता है। उन्होंने कहा कि अभियान में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष जिनकी भागीदारी रही, सभी को सदन की ओर से बधाई।
सदन में पक्ष-विपक्ष के सभी सदस्यों की सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव स्वीकृत हुआ। महाना ने इसकी घोषणा की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)