खेल की खबरें | लॉर्ड्स स्थित एमसीसी संग्रहालय में सचिन तेंदुलकर के चित्र का अनावरण
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टेस्ट मैच की शुरुआत से पहले बृहस्पतिवार को लॉर्ड्स के एमसीसी (मेरिलबोन क्रिकेट क्लब) संग्रहालय में महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के चित्र (पोर्ट्रेट) का अनावरण किया गया।
लंदन, 10 जुलाई भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टेस्ट मैच की शुरुआत से पहले बृहस्पतिवार को लॉर्ड्स के एमसीसी (मेरिलबोन क्रिकेट क्लब) संग्रहालय में महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के चित्र (पोर्ट्रेट) का अनावरण किया गया।
यह पोर्ट्रेट स्टुअर्ट पियर्सन राइट ने 18 वर्ष पहले अपने घर पर ली गई एक तस्वीर से बनाया है। यह पोर्ट्रेट इस वर्ष के अंत तक एमसीसी संग्रहालय में रहेगा और उसके बाद इसे पवेलियन में लगाया जाएगा।
यहां जारी की गई एक विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘जैसे-जैसे काम आगे बढ़ा, पियर्सन राइट का दृष्टिकोण भी बदलता गया और अंततः घिसे हुए एल्युमीनियम पर तेल की चित्रकारी के साथ यह समाप्त हुआ। इसमें अमूर्त पृष्ठभूमि तेंदुलकर की कालातीतता को दर्शाती है, जो किसी युग तक सीमित नहीं है।’’
पियर्सन राइट ने इससे पहले कपिल देव, बिशन सिंह बेदी और दिलीप वेंगसरकर के चित्र बनाए हैं।
विज्ञप्ति के अनुसार तेंदुलकर ने कहा, ‘‘यह बहुत बड़ा सम्मान है। भारत ने जब 1983 में विश्व कप जीता था, तब लॉर्ड्स से मेरा पहला परिचय हुआ था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने हमारे कप्तान कपिल देव को ट्रॉफी उठाते देखा। उस पल ने क्रिकेट में मेरे सफर को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज जब पवेलियन में मेरा पोर्ट्रेट लगाया गया है, तो ऐसा लग रहा है जैसे मेरा सफ़र पूरा हो गया हो। जब मैं अपने करियर के बारे में सोचता हूं तो मेरे चेहरे पर मुस्कान आ जाती है। यह वाकई खास है।’’
विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘लॉन्ग रूम गैलरी खेल जगत की सबसे पुरानी और सबसे प्रतिष्ठित गैलरी है। क्लब में वर्तमान में लगभग 3,000 तस्वीरें हैं, जिनमें से लगभग 300 पोर्ट्रेट हैं।‘‘
पियर्सन राइट ने कहा, ‘‘यह स्पष्ट था कि एमसीसी नहीं चाहता था कि यह पोर्ट्रेट मेरे द्वारा बनाए गए भारतीय क्रिकेट से जुड़े पिछले चित्रों के समान प्रारूप में हो, इसलिए इस चित्र के साथ एक नया दृष्टिकोण अपनाया गया। मैंने इसमें सचिन के सिर पर अधिक ध्यान केंद्रित किया।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 10, 2025 04:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

