देश की खबरें | भाजपा के दंभ को चकनाचूर कर देगी किसानों की एकता : अखिलेश
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा शासनकाल में किसानों को ‘गहरी चोट’ पहुंचाने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ आक्रोशित किसानों की एकता भाजपा के दंभ को चकनाचूर कर देगी।
लखनऊ, छह जून समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा शासनकाल में किसानों को ‘गहरी चोट’ पहुंचाने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ आक्रोशित किसानों की एकता भाजपा के दंभ को चकनाचूर कर देगी।
अखिलेश ने यहां एक बयान जारी कर कहा, ‘‘भाजपा के शासनकाल में प्रदेश में सबसे ज्यादा हालत किसान की ही खराब हुई है। आर्थिक रूप से उस पर बहुत चोट हुई है। एक साल पहले काले कृषि कानूनों से भाजपा ने जो काली बुनियाद रखी उससे पूरी कृषि अर्थव्यवस्था ही चौपट हो गयी। इसके विरोध में किसानों का बड़ा आंदोलन जारी है। आज भी किसानों का आक्रोश कम नहीं हुआ है। किसानों की एकता भाजपा के दंभ को चकनाचूर कर देगी।
अखिलेश ने कहा कि दोगुनी आय का सपना दिखाकर किसानों के वोट हथियाने वाली भाजपा के शासनकाल में किसानों को उनकी फसल का लाभकारी मूल्य तक नहीं मिला। क्रय केंद्रों पर किसानों का अनाज नहीं खरीदा जा रहा है।
नतीजतन हताश-निराश किसानों को अपनी फसल बिचौलियों के हाथों औने-पौने दाम पर बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में चीनी मिलों पर किसानों का 20,000 करोड़ रुपए से ज्यादा का गन्ना मूल्य बकाया है और किसानों की कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। भाजपा सरकार के किसान कल्याण के खोखले दावे सिर्फ विज्ञापनों तक ही सीमित रह गए हैं। किसान के इस्तेमाल की सभी चीजें महंगी करने और उसे दिए गए आश्वासनों को पूरा नहीं करके भाजपा ने अपने विकास मॉडल की पोल खुद ही खोल ली है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की इन चालबाजियों से ऊबे किसान और त्रस्त जनता अब उसको करारा जवाब देने का संकल्प कर चुकी है। आगामी विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने पर ही किसानों के साथ न्याय होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 06, 2021 04:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

