तिरुवनंतपुरम/कोच्चि, 20 जून केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन 21 जून को तिरुवनंतपुरम और कोच्चि में होने वाले आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों की अगुवाई करेंगे।
केंद्र ने आजादी का अमृत महोत्सव के तहत देशभर के 75 ऐतिहासिक स्थानों पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का फैसला किया है। इसके बाद राज्य में यह कार्यक्रम सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय आयोजित कर रहा है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग और नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. वी के सिंह कोच्चि किले में योग सत्र में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम 21 जून को सुबह साढ़े पांच बजे वरिष्ठ योग निर्देशक डॉ. जयदेव की निगरानी में आयोजित किया जाएगा।
विदेश राज्य मंत्री मुरलीधरन मंगलवार को श्री पद्मनाभ स्वामी मंदिर के पूर्वी प्रवेश द्वार पर समारोह का नेतृत्व करेंगे।
आयोजन स्थल पर मैसुरु में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा।
कोच्चि किले में सेंट फ्रांसिस चर्च के समीप परेड ग्राउंड को कार्यक्रम के लिए तैयार किया गया है।
इस साल के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘मानवता के लिए योग’ है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY