देश की खबरें | टीएसपीएससी समूह-1 के अभ्यर्थियों के समर्थन में धरना देने पर केंद्रीय मंत्री हिरासत में

हैदराबाद, 19 अक्टूबर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बी संजय कुमार को हैदराबाद के अशोक नगर में टीएसपीएससी समूह-1 के उन अभ्यर्थियों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए धरना देने के वास्ते हिरासत में ले लिया गया, जो मुख्य परीक्षा स्थगित करने की मांग कर रहे हैं।

कुमार ने सिविल सेवा और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाने वाले कोचिंग संस्थानों के केंद्र अशोक नगर में अभ्यर्थियों से मुलाकात के बाद ‘चलो सचिवालय’ मार्च निकाला।

कांग्रेस सरकार के खिलाफ अभ्यर्थियों की नारेबाजी के बीच कुमार धरने पर बैठ गए। इस दौरान, अभ्यर्थियों ने केंद्रीय मंत्री से अपनी शिकायतें साझा कीं।

कुमार ने बाद में मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी से मिलने और उन्हें छात्रों की चिंताओं से अवगत कराने के लिए सैकड़ों अभ्यर्थियों के साथ ‘चलो सचिवालय’ मार्च निकाला।

हालांकि, कुमार को पुलिस ने रोक लिया, जिसके बाद उन्होंने एक वाहन के ऊपर खड़े होकर अभ्यर्थियों को संबोधित किया।

केंद्रीय मंत्री को पुलिस वाहन में बैठाकर वहां से ले जाया गया। बाद में उन्होंने सचिवालय के बाहर आंबेडकर प्रतिमा के पास धरना दिया।

तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) जितेंद्र ने कहा कि उच्च न्यायालय ने परीक्षा आयोजित करने की अनुमति पहले ही दे दी है, ऐसे में अभ्यर्थी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी शिकायत रख सकते हैं, लेकिन इससे जनता को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए।

डीजीपी ने संवाददाताओं से कहा, “उच्च न्यायालय ने तेलंगाना राज्य लोक सेवा आयोग (टीएसपीएससी) की परीक्षा कराने की अनुमति पहले ही दे दी है। अगर किसी को कोई शिकायत है, तो वह लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रख सकता है... आम जनता को परेशानी और असुविधा नहीं होनी चाहिए... मेरी सभी से यही अपील है।”

पिछले कई दिनों से विरोध-प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने परीक्षा के कार्यक्रम और भर्ती प्रक्रिया एवं आरक्षण के संबंध में कुछ सरकारी आदेशों के प्रभाव पर चिंता जताई है।

पुलिस ने शुक्रवार को समूह-1 के अभ्यर्थियों पर लाठियां बरसाईं, जो 21 से 27 अक्टूबर तक होने वाली मुख्य परीक्षा को स्थगित करने की मांग को लेकर हैदराबाद में प्रदर्शन कर रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)