हैदराबाद, 19 अक्टूबर केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार ने अशोक नगर में मुख्य परीक्षा को स्थगित किये जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे टीएसपीएससी समूह-1 के अभ्यर्थियों के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए धरना दिया और ‘चलो सचिवालय’ मार्च में भाग लिया।
कांग्रेस सरकार के खिलाफ अभ्यर्थियों की नारेबाजी के बीच कुमार सिविल सेवा सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले कोचिंग संस्थानों के केंद्र अशोक नगर में धरने पर बैठे। इस दौरान, अभ्यर्थियों ने केंद्रीय मंत्री से अपनी शिकायतें साझा कीं।
कुमार ने बाद में मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी से मिलने और उन्हें छात्रों की चिंताओं से अवगत कराने के लिए सैकड़ों अभ्यर्थियों के साथ ‘चलो सचिवालय’ मार्च निकाला।
हालांकि, कुमार को कथित तौर पर पुलिस ने रोक लिया, जिसके बाद उन्होंने एक वाहन के ऊपर खड़े होकर अभ्यर्थियों को संबोधित किया।
केंद्रीय मंत्री के स्टाफ ने दावा किया कि राज्य सरकार इस मुद्दे पर बातचीत के लिए तैयार है।
पिछले कई दिनों से विरोध-प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने परीक्षा के कार्यक्रम और भर्ती प्रक्रिया एवं आरक्षण के संबंध में कुछ सरकारी आदेशों के प्रभाव पर चिंता जताई है।
पुलिस ने शुक्रवार को समूह-1 के अभ्यर्थियों पर लाठियां बरसाईं, जो 21 से 27 अक्टूबर तक होने वाली मुख्य परीक्षा को स्थगित करने की मांग को लेकर हैदराबाद में प्रदर्शन कर रहे थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY