एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | केंद्रीय गृह सचिव ने लद्दाख के विकास की समीक्षा की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने लद्दाख के समग्र विकास की समीक्षा की और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने तथा रोजगार सृजन के लिए खासकर शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | केंद्रीय गृह सचिव ने लद्दाख के विकास की समीक्षा की

लेह/जम्मू, एक जुलाई केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने लद्दाख के समग्र विकास की समीक्षा की और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने तथा रोजगार सृजन के लिए खासकर शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि दो दिवसीय दौरे पर लद्दाख पहुंचे मोहन ने सोमवार को केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी गांवों और दूरदराज के क्षेत्रों में मोबाइल कनेक्टिविटी के उद्देश्य से 4जी को पूरी तरह लागू करने में तेजी लाई जाए।

केंद्रीय गृह सचिव ने कहा कि लद्दाख में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और सेवा वितरण को बेहतर बनाने के लिए राजपत्रित पदों पर भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने की जरूरत है।

उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश के मुख्य सचिव को निर्देश दिया कि दूरसंचार सचिव से औपचारिक रूप से संपर्क कर 4जी को पूरी तरह लागू करने में शीघ्रता लाई जाए।

बैठक में लद्दाख के मुख्य सचिव डॉ. पवन कोतवाल ने केंद्रीय गृह सचिव को नए कानूनी एवं प्रशासनिक ढांचे के तहत चलाए गए भर्ती अभियानों, यूपीएससी को भेजे जाने हेतु तैयार आवश्यक राजपत्रित पदों की अधिसूचनाओं के अंतिम रूप, आयु में छूट संबंधी आदेशों के निर्गमन और नए जिलों के सृजन से जुड़े मामलों की जानकारी दी।

उन्होंने डिजिटल इंडिया भूमि अभिलेख आधुनिकीकरण कार्यक्रम और लद्दाख भूमि अभिलेख पोर्टल की भी जानकारी दी, जिनका उद्देश्य भू-प्रशासन में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाना है।

मुख्य सचिव ने राजस्व कानूनों में प्रस्तावित संशोधनों और पूरे लद्दाख क्षेत्र में जम्मू-कश्मीर भूमि अनुदान अधिनियम के विस्तार से जुड़े मामलों पर भी जानकारी साझा की।

मुख्य सचिव ने लद्दाख की ‘होमस्टे नीति’ का भी विशेष उल्लेख किया, जो समुदाय-आधारित पर्यटन का एक मॉडल बन चुकी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 01, 2025 02:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).