देश की खबरें | केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर की तीन दिवसीय दौरे पर जम्मू पहुंचे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर के अपने तीन दिवसीय दौरे के तहत रविवार को शाम जम्मू पहुंचे। पिछले साल अक्टूबर में केंद्र शासित प्रदेश में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली नेशनल कांफ्रेंस सरकार के गठन के बाद यह उनका पहला दौरा है।
जम्मू, छह अप्रैल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर के अपने तीन दिवसीय दौरे के तहत रविवार को शाम जम्मू पहुंचे। पिछले साल अक्टूबर में केंद्र शासित प्रदेश में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली नेशनल कांफ्रेंस सरकार के गठन के बाद यह उनका पहला दौरा है।
अधिकारियों ने बताया कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने तकनीकी हवाई अड्डे पर शाह की अगवानी की। उन्होंने बताया कि गृह मंत्री भारत-पाकिस्तान सीमा पर एक अग्रिम चौकी का दौरा करेंगे और अपनी यात्रा के दौरान सुरक्षा स्थिति और विकास पहलों की समीक्षा करेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री का रविवार रात को त्रिकुटा नगर स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय का दौरा करने और वहां पार्टी विधायकों व अन्य पदाधिकारियों की बैठक में हिस्सा लेने का कार्यक्रम है।
शाह का भाजपा मुख्यालय का दौरा ऐसे समय होगा जब पार्टी का स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ता और नेता मुख्यालय में बड़े उत्साह के साथ स्थापना दिवस मना रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि शाह के दौरे के मद्देनजर पुलिस और सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
शाह सोमवार को कठुआ में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की सीमा चौकी विनय का दौरा करेंगे और वहां जमीनी हालात का जायजा लेंगे।
बाद में, वह जम्मू में राजभवन में जम्मू-कश्मीर पुलिस के शहीदों के परिवार के सदस्यों से मिलेंगे और अनुकंपा के आधार पर चयनित कुछ लोगों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान करेंगे।
केंद्रीय गृहमंत्री आठ अप्रैल को सबसे पहले श्रीनगर स्थित राजभवन में आयोजित बैठक में केंद्र शासित प्रदेश में विभिन्न विकास कार्यो का जायजा लेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद वह श्रीनगर स्थित राजभवन में एक अन्य बैठक में भाग लेंगे जहां जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
इससे पहले दिन में, जम्मू-कश्मीर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा ने सांसद जुगल किशोर शर्मा, पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता और जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में पार्टी मुख्यालय में पार्टी का झंडा फहराया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)