मोहाली, 24 अगस्त पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यहां गर्मजोशी से स्वागत किया। साथ ही, उन्होंने इस साल पांच जनवरी को फिरोजपुर के कार्यक्रम में हिस्सा लिए बिना प्रधानमंत्री के लौटने को ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण’’ करार दिया।
मोदी ने बुधवार को चंडीगढ़ के बाहर मोहाली के मुल्लानपुर में 300 बिस्तरों वाले होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन किया।
इस साल पांच जनवरी को फिरोजपुर में प्रदर्शनकारियों द्वारा एक फ्लाईओवर को अवरूद्ध किये जाने के चलते प्रधानमंत्री मोदी का काफिला बीच रास्ते में फंस गया था, जिसके बाद मोदी को एक रैली सहित अन्य कार्यक्रमों में शामिल हुए बिना दिल्ली लौटना पड़ा था।
मोहाली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मान ने कैंसर अस्पताल को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा राज्य को दिया गया एक बड़ा तोहफा बताया।
मान ने कहा कि वह राज्य के पुराने गौरव को बहाल करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों की नाकामी की वजह से शुरुआत में राज्य में कुछ कानून व्यवस्था की समस्या आई थी, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।
मान ने अपने संबोधन में कहा, ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण, और यह कहते हुए दुख हो रहा है कि जब आप (प्रधानमंत्री मोदी) पांच जनवरी को आए थे, तब आपका कार्यक्रम रद्द करना पड़ा था, लेकिन पंजाब आज आपका स्वागत कर रहा है। आप देश के प्रधानमंत्री हैं और यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम आपका स्वागत करें। पंजाबी अपने आतिथ्य सत्कार के लिए जाने जाते हैं।’’
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी से पंजाब के लिए ‘उपहारों’’की घोषणा करने की भी मांग की।
उन्होंने कहा,‘‘मैं राज्य सरकार की ओर से आपका स्वागत करता हूं। आप लंबे समय बाद पंजाब आए हैं और मैं आपसे उम्मीद करता हूं कि आप पंजाब के लिए कुछ उपहारों की घोषणा करेंगे।’’
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को एक शॉल ओढ़ाकर और स्वर्ण मंदिर की प्रतिकृति भेंट कर उनका स्वागत किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY