देश की खबरें | ‘अयोग्य’ जगन आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद पर रहने के लायक नहीं : चंद्रबाबू नायडू

ओंगोल (आंध्र प्रदेश), 27 मई तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को विभिन्न मुद्दों पर आंध्र प्रदेश की वाईएसआर कांग्रेस नीत सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि वाई एस जगनमोहन रेड्डी जैसा ‘अयोग्य’ व्यक्ति राज्य के मुख्यमंत्री पद पर बने रहने के लायक नहीं हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने सवाल किये, ‘‘क्या समाज का कोई समुदाय जगन के शासन से खुश है? पिछले तीन साल में केवल प्रतिशोध लेने के अलावा जगन ने आंध्र प्रदेश के लोगों के लिए किया क्या है?’’

तेदेपा के वार्षिक सम्मेलन ‘महानाडू’ के उद्घाटन भाषण में नायडू ने नारा दिया, ‘‘जगन छोड़ो, आंध्र प्रदेश बचाओ।’’ उन्होंने राज्य की इस ‘घोटालेबाज’ और ‘विध्वंसकारी’ सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए जनता को प्रोत्साहित किया।

तेदेपा प्रमुख ने कहा, ‘‘जगन मनोरोगी हैं। उनके सभी विचार और कार्य विनाशकारी हैं। उनके अब तक के तीन वर्षों के शासन में राज्य को भारी नुकसान हुआ है।’’

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर रेड्डी मुख्यमंत्री बने रहे तो यह राज्य के अच्छे दिनों का अंत होगा। नायडू ने कहा, ‘‘इसीलिए मैंने 'जगन छोड़ो-आंध्र प्रदेश बचाओ' का आह्वान किया है। सभी वर्गों को एकजुट होकर काम करना चाहिए... और राज्य को और विनाश से बचाना चाहिए।’’

पूर्व मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि उनकी पिछली सरकार ने कल्याणकारी कार्यक्रमों पर बजट का 52 प्रतिशत खर्च किया था, जिसे वर्तमान सरकार ने घटाकर 41 प्रतिशत कर दिया है।

नायडू ने कहा कि जहां कल्याणकारी कार्यक्रमों पर पानी फिर गया है, वहीं राज्य प्रशासन ने विकास के हर कार्य को पूरी तरह से त्याग दिया है। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश की जीवन रेखा, बहुउद्देश्यीय पोलावरम परियोजना, और राजधानी अमरावती इस बात की गवाही देती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)