‘अनकैप्ड’ भारतीय काशवी गौतम और वृंदा दिनेश ने डब्ल्यूपीएल नीलामी में मारी बाजी
गुजरात जायंट्स ने पंजाब की तेज गेंदबाज काशवी गौतम को शनिवार को यहां महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) की नीलामी में दो करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया.
मुंबई, 9 दिसंबर: गुजरात जायंट्स ने पंजाब की तेज गेंदबाज काशवी गौतम को शनिवार को यहां महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) की नीलामी में दो करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया. काशवी का ‘बेस प्राइस’ (आधार मूल्य) 10 लाख रुपये का था। गुजरात जायंट्स और यूपी वारियर्स दोनों ने उनके लिए बोली लगायी. लेकिन गुजरात की टीम डब्ल्यूपीएल के दूसरे चरण के लिए उनकी सेवायें लेने के लिए बोली जीतने में सफल रही.
एक और ‘अनकैप्ड’ (जिसने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला हो) भारतीय क्रिकेटर कर्नाटक की 22 वर्षीय वृंदा दिनेश के लिए बड़ी बोली लगी जिन्हें यूपी वारियर्स ने 1.3 करोड़ रुपये में खरीदा. वृंदा और काशवी दोनों ही हाल में भारत ए के लिए इंग्लैंड ए के खिलाफ तीन मैचों की श्रृंखला में खेली थीं. नीलामी के शुरुआती चरण में आस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों के लिए ऊंची बोलियां लगी जिसमें आल राउंडर अनाबेल सदरलैंड को दिल्ली कैपिटल्स ने दो करोड़ रुपये में खरीदा. इसके बाद गुजरात की टीम ने बल्लेबाज फोएबे लिचफील्ड को एक करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया. यह भी पढ़े: साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इन भारतीय गेंदबाजों ने मचाया हैं कोहराम, चटकाए हैं सबसे ज्यादा विकेट; जानें टॉप पर कौन है काबिज़
गुजरात जायंट्स ने इस साल मार्च में खेले गए शुरुआती चरण के बाद 22 साल की सरदलैंड को रिलीज कर दिया था. उनके लिए गत चैम्पियन मुंबई इंडियंस ने भी बोली लगायी लेकिन फिर वह पीछे हट गये और अंत में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें खरीद लिया. दक्षिण अफ्रीका की तेज गेंदबाज शबनीम इस्माइल को मुंबई इंडियंस ने 1.20 करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया जो उनके ‘बेस प्राइस’ से तीन गुना था. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने नीलामी के शुरु में आस्ट्रेलिया की जॉर्जिया वारेहैम को 40 लाख रूपये में खरीदा। उन्होंने इंग्लैंड की केट क्रास को 30 लाख रुपये और 37 साल की भारतीय स्पिनर एकता बिष्ट को ‘बेस प्राइस’ से दुगनी कीमत पर 60 लाख रुपये में टीम में शामिल किया.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 09, 2023 05:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

