एजेंसी न्यूज

उमर प्रतिबंध को जरूर चुनौती देगा : कामरान अकमल

उमर पर सटोरियों द्वारा संपर्क किये जाने की सूचना नहीं देने के कारण पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने सोमवार को तीन साल का प्रतिबंध लगा दिया था।

उमर प्रतिबंध को जरूर चुनौती देगा : कामरान अकमल

कराची, 28 अप्रैल पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर कामरान अकमल ने उमर अकमल पर लगाये गये तीन साल के प्रतिबंध को ‘बेहद कड़ी’ सजा करार देते हुए कहा कि उनका छोटा भाई इसे निश्चित तौर पर चुनौती देगा।

उमर पर सटोरियों द्वारा संपर्क किये जाने की सूचना नहीं देने के कारण पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने सोमवार को तीन साल का प्रतिबंध लगा दिया था।

टीम से बाहर चल रहे पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान ने इस फैसले पर हैरानी जतायी।

कामरान ने सोमवार की रात यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं उमर को दी गयी कड़ी सजा से हैरान हूं। तीन साल का प्रतिबंध बेहद कड़ी सजा है। वह निश्चित तौर पर इसके खिलाफ अपील करेगा। ’’

पाकिस्तान की तरफ से 57 टेस्ट, 153 वनडे और 58 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले कामरान ने कहा कि अन्य खिलाड़ियों को पूर्व में इसी तरह के आरोपों के लिये काफी कम सजा दी गयी।

उन्होंने कहा, ‘‘निश्चित तौर पर यह समझना मुश्किल है क्योंकि पूर्व में अन्य खिलाड़ियों पर इसी तरह के अपराध के लिये कम अवधि का प्रतिबंध लगाया गया था जबकि उमर को इतनी कड़ी सजा दी गयी। ’’

वह मोहम्मद इरफान और मोहम्मद नवाज के संदर्भ में बात कर रहे थे जिन्हें सटोरियों की पेशकश की जानकारी नहीं देने के कारण कम अवधि के लिये प्रतिबंधित किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 28, 2020 10:00 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).