देश की खबरें | उमा भारती ने मध्य प्रदेश की नयी आबकारी नीति को ‘ऐतिहासिक, क्रांतिकारी’ बताया

भोपाल, 20 फरवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने सोमवार को मध्य प्रदेश की नयी आबकारी नीति का स्वागत करते हुए कहा कि हमारी सरकार के द्वारा घोषित की गई यह शराब नीति एक ‘‘ऐतिहासिक एवं क्रांतिकारी’’ निर्णय है।

मालूम हो कि मध्य प्रदेश में शराब सेवन को हतोत्साहित करने की दिशा में राज्य सरकार ने रविवार को निर्णय लेते हुए नयी आबकारी नीति पर मुहर लगा दी, जिसके तहत राज्य में संचालित सभी शराब अहातों और ‘शॉप बार’ को बंद किया जाएगा।

भारती मध्य प्रदेश में पिछले कुछ महीनों से ‘नियंत्रित शराब नीति’ की मांग कर रही थी। हालांकि, इससे पहले उन्होंने राज्य में पूर्ण शराबबंदी की मांग की थी। इस साल के अंत में राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं।

भारती ने ट्वीट किया, ‘‘मध्य प्रदेश मंत्रिमंडल की रविवार शाम में हुई बैठक में हमारी सरकार के द्वारा घोषित की गई शराब नीति एक ऐतिहासिक एवं क्रांतिकारी निर्णय है। इसके लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी का मध्य प्रदेश के सभी नागरिकों खासकर महिलाओं की तरफ से अभिनंदन।’’

उन्होंने आगे लिखा, ‘‘शराब की दुकान के सामने बैठकर शराब पीने का पूर्णतया: निषेध, पूरे राज्य के अहाते बंद करने का निर्णय एवं शराब पीकर वाहन चलाने पर सजा के प्रावधान इस नीति के वह विशेष अंग हैं जो शराब नीति के लिए मध्य प्रदेश को ‘मॉडल राज्य’ बना रहे हैं।’’

भारती ने कहा, ‘‘शिवराज सिंह जी ने अपनी सरकार के इरादे स्पष्ट कर दिए कि जनहित हमारे लिए सर्वोपरि है।’’

उन्होंने कहा कि इस शराब नीति का यह बिंदु बहुत महत्वपूर्ण है कि जिन शराब की दुकानों के लिए भारी जन विरोध हुआ है, उनकी नीलामी ही नहीं होगी। इसलिए जब नयी शराब नीति का क्रियान्वयन होगा तो सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को तथा पुलिस एवं प्रशासन को बहुत सजग रहना होगा।

भारती ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपनी वचनबद्धता पूरी की। अब आपको अपना कर्तव्य पूरा करना है।

उन्होंने कहा, ‘‘इस शराब नीति से मेरे बड़े भाई (शिवराज) ने व्यक्तिगत तौर पर मुझे परम संतोष एवं गौरव प्रदान किया है। मुझे विश्वास है कि शिवराज जी द्वारा घोषित की गई नयी शराब नीति अन्य राज्यों के लिए भी ‘मॉडल नीति’ बन जाएगी।’’

भारती ने कहा, ‘‘मध्य प्रदेश पहले से ही गौ वंश पर आधारित जैविक खेती में बहुत आगे बढ़ चुका है। ‘शराब छोड़ो, दूध पियो’ अभियान को हम और सशक्त करके सरकार का सहयोग करेंगे।’’

मध्य प्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने मंत्रिमंडल की बैठक में हुए अहम निर्णयों की जानकारी देते हुए यहां रविवार शाम को कहा था, ‘‘राज्य में शराब सेवन को हतोत्साहित करने की दिशा में मंत्रिमंडल ने आज ऐतिहासिक निर्णय लिया है। राज्य में जितने भी शराब अहातें और शॉप बार हैं, सभी को बंद किया जा रहा है। कोई अहाता अब राज्य में संचालित नहीं होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘शराब दुकान पर सिर्फ मदिरा की बिक्री की जाएगी। शराब दुकानों पर बैठकर मदिरा पीने की सुविधा भी अब राज्य में बंद हो जाएगी।’’

मंत्री ने कहा, ‘‘शैक्षणिक और धार्मिक संस्थानों से भी शराब दुकानों की दूरी को 50 मीटर से बढ़ाकर 100 मीटर कर दिया गया है। इसके साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी सख्ती बढ़ाई जाएगी।’’

मिश्रा ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शराब पीने को हतोत्साहित करने के लिए काम कर रहे हैं। इसलिए 2010 के बाद से राज्य में कोई नयी शराब दुकान नहीं खोली गई बल्कि, उलटे बंद ही की गई हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘नर्मदा सेवा यात्रा के दौरान भी मध्य प्रदेश में 64 शराब दुकानें मुख्यमंत्री जी द्वारा बंद की गई थीं। नयी आबकारी नीति जो आई है, वह मदिरा के सेवन को हतोत्साहित करने वाली है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)