विदेश की खबरें | जापान के विरोध के बाद यूक्रेन ने वीडियो से हिरोहितो की तस्वीर हटाई

अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि जापान ने हिरोहितो की तस्वीर दिखाने पर विरोध जताया था।

उप प्रमुख कैबिनेट सचिव योशिहिको इसोजाकी ने कहा कि जापान हिरोहितो को ‘पूरी तरह अनुचित तरीके से दर्शाये जाने’ के बावजूद रूस के हमलों से अपने देश की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे यूक्रेन के लोगों की मदद करता रहेगा।

यूक्रेन की सरकार ने एक अप्रैल को ट्विटर पर एक वीडियो डाला था, जिसमें रूस के हमले की निंदा की गयी थी और द्वितीय विश्व युद्ध के समय के तीनों नेताओं की तस्वीरों के साथ लिखा था, ‘‘1945 में फासीवाद और नाजीवाद को हराया गया।’’

जापान ने हिरोहितो के नाम पर द्वितीय विश्व युद्ध लड़ा था। उन्हें देश में देवतुल्य माना जाता था।

इसोजाकी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हिटलर, मुसोलिनी और शोओवा सम्राट (हिरोहितो) को एक ही परिप्रेक्ष्य में दर्शाना पूरी तरह अनुचित है। यह अत्यंत खेदजनक है।’’

इसोजाकी ने कहा कि जापान ने विरोध दर्ज कराया और हिरोहितो की तस्वीर हटाने की मांग की, जिसे यूक्रेन ने मान लिया है।

यूक्रेन की सरकार ने रविवार को ट्वीट किया, ‘‘इस चूक के लिए हम जापान की सरकार के प्रति गंभीरता से खेद प्रकट करते हैं। हम जापान के मित्रवत लोगों को आहत नहीं करना चाहते थे।’’

जापान में यूक्रेन के राजदूत सर्गिय कोरसुनस्की ने भी सोमवार को ट्वीट कर खेद जताया और कहा कि वीडियो बनाने वालों को इतिहास की समझ नहीं थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)