नयी दिल्ली, 17 मई विदेश जाने वाले भारतीय सैलानियों के बीच ब्रिटेन, अमेरिका और विभिन्न यूरोपीय देश सबसे लोकप्रिय और पसंदीदा स्थान के तौर पर उभरे हैं। वहीं देश में लोग गोवा, बेंगलुरु और पुणे जैसे शहरों को पसंद कर रहे हैं। होटल बुकिंग के ऑनलाइन मंच एयरबीएनबी ने बुधवार को यह कहा।
मंच ने यह भी कहा कि भारतीय यात्रियों ने इस साल जनवरी-मार्च तिमाही में अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए रात गुजारने को लेकर होटल बुकिंग पिछले वर्ष समान तिमाही की तुलना में दोगुनी से ज्यादा की है।
एयरबीएनबी ने कहा कि जहां एक ओर अंतरराष्ट्रीय यात्राएं बढ़ रही हैं, वहीं भारतीय देश के विभिन्न स्थानों पर भी यात्रा का आनंद उठाना पसंद कर रहे हैं। वह अलग-अलग शहरों की खास जगहों और पहाड़ों पर छुट्टियां बिताने के विकल्प तलाश रहे हैं।
कंपनी ने कहा कि इस अवधि में सबसे ज्यादा बुक की जाने वाली जगहों में गोवा शीर्ष पर रहा। इसके बाद बेंगलुरू, पुणे, दिल्ली और कुल्लू का स्थान रहा।
एयरबीएनबी के महाप्रबंधक (भारत, दक्षिण पूर्व एशिया, हांगकांग और ताइवान) अमनप्रीत सिंह बजाज ने कहा, “घरेलू, अंतरराष्ट्रीय और विदेश से भारत आने वाले यात्रियों के मामले में अच्छी गति देखी जा रही है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY