एजेंसी न्यूज

विदेश की खबरें | ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने पार्टी आयोजित करने के मामले में पूर्व सहयोगी के आरोपों को खारिज किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन मंगलवार को ‘‘पार्टीगेट’’ मामले में और घिरते नजर आए क्योंकि उनके पूर्व शीर्ष सहयोगी डोमिनिक कमिंग्स ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन के दौरान आयोजित एक पार्टी के बारे में संसद में झूठ बोला था।

विदेश की खबरें | ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने पार्टी आयोजित करने के मामले में पूर्व सहयोगी के आरोपों को खारिज किया

लंदन, 18 जनवरी ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन मंगलवार को ‘‘पार्टीगेट’’ मामले में और घिरते नजर आए क्योंकि उनके पूर्व शीर्ष सहयोगी डोमिनिक कमिंग्स ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन के दौरान आयोजित एक पार्टी के बारे में संसद में झूठ बोला था।

कमिंग्स मई 2020 में एक उद्यान में पार्टी आयोजित किए जाने के समय 10 डाउनिंग स्ट्रीट में एक प्रमुख अधिकारी थे। जॉनसन ने पिछले हफ्ते ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ से माफी मांगते हुए कहा था कि उन्हें ‘‘पूरा विश्वास’’ है कि कामकाज के सिलसिले में इस पार्टी का आयोजन हुआ था।

उस समय प्रधानमंत्री के मुख्य रणनीति सलाहकार रहे कमिंग्स ने अपने ऑनलाइन ब्लॉग पर दावा किया कि उनके बॉस को पूरी तरह से पता था कि यह वास्तव में एक पार्टी थी और वह शपथ लेकर कह सकते हैं कि उन्होंने जॉनसन को इसके खिलाफ आगाह किया था और इसे रद्द कराना चाहते थे।

जॉनसन ने उत्तरी लंदन के एक अस्पताल के दौरे के दौरान संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं स्पष्ट रूप से कह रहा हूं कि किसी ने मुझे नहीं बताया। किसी ने नहीं कहा कि यह कुछ ऐसा था जो नियमों के खिलाफ था। मैं सोच भी नहीं सकता कि अगर यह नियमों के खिलाफ होता तो क्या इसका आयोजन होता या इसकी अनुमति दी जाती।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मुझे याद है कि करीब 25 मिनट तक बगीचे में रहा था जिसके बारे में मुझे पता था कि यह कामकाज से जुड़ा आयोजन था, और कर्मचारियों से बात की तथा उनका शुक्रिया अदा किया। इसके बाद मैं अपने कार्यालय चला गया और अपना काम जारी रखा।’’

जॉनसन के इस्तीफे की स्थिति में प्रधानमंत्री पद के अग्रणी दावेदार माने जा रहे भारतीय मूल के वित्त मंत्री ऋषि शौनक ने ‘स्काई न्यूज’ से बातचीत में जॉनसन का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि प्रधानमंत्री ने सच कहा है। शौनक ने कहा कि वह जांच होने तक धैर्य रखने और परिणाम की प्रतीक्षा करने के प्रधानमंत्री के बयान का समर्थन करते हैं।

इससे पहले, प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि इसमें कोई सच्चाई नहीं है कि जॉनसन को ‘‘कार्यक्रम के बारे में आगाह किया गया था।’’ प्रधानमंत्री कार्यालय ने सरकार के मंत्रियों द्वारा कही गई बात को दोहराया कि इस मुद्दे पर सभी तथ्यों की छानबीन और किसी नतीजे के लिए कैबिनेट कार्यालय की जांच की अनुमति दी जानी चाहिए।

प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘जैसा कि उन्होंने (प्रधानमंत्री ने) पहले कहा था, वह निस्संदेह मानते हैं कि यह कामकाज से जुड़ा कार्यक्रम था। उन्होंने सदन से माफी मांगी है और जांच समाप्त होने के बाद एक और बयान देने के लिए वह प्रतिबद्ध हैं।’’

नवंबर 2020 में पद छोड़ चुके कमिंग्स ने इस दावे का खंडन करते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री को निमंत्रण के बारे में बताया गया था, उन्हें पता था कि इस पार्टी में शराब की व्यवस्था भी होगी। उन्होंने संसद से झूठ बोला है।’’

वर्ष 2020 से 2021 के बीच विभिन्न पाबंदियों के बीच डाउनिंग स्ट्रीट (प्रधानमंत्री कार्यालय) और ब्रिटेन सरकार के अन्य कार्यालयों में नियमों का उल्लंघन कर जमावड़ा, पार्टी आयोजित करने के आरोप लगे हैं। डाउनिंग स्ट्रीट में इस कथित पार्टी का आयोजन 20 मई 2020 को हुआ था। नियमों के उल्लंघन को लेकर जॉनसन पर इस्तीफे का दबाव बढ़ता जा रहा है। इन नए आरोपों से कंजरवेटिव पार्टी में जॉनसन के खिलाफ लामबंदी और बढ़ेगी। विपक्षी पार्टी के नेता भी सरकार को घेरने का प्रयास कर रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 18, 2022 09:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).