विदेश की खबरें | ब्रिटेन की गृह मंत्री ब्रेवरमैन ने पुलिस बल में निष्पक्षता की समीक्षा के आदेश दिए
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

(अदिति खन्ना)

लंदन, दो सितंबर ब्रिटेन की गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन ने देश के पुलिस बल में निष्पक्षता और सक्रियता की समीक्षा करने का शनिवार को आदेश दिया। उन्होंने अधिकारियों से राजनीतिक मामलों में शामिल होने के बजाय अपराध से निपटने पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।

भारतीय मूल की 43 वर्षीय कैबिनेट मंत्री ने ‘हिज मैजेस्टी इंस्पेक्टरेट ऑफ कांस्टेबुलरी एंड फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज’ (एचएमआईसीएफसीएस) को इस बात की समीक्षा करने के लिए नियुक्त किया कि राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने से इंग्लैंड एवं वेल्स में पुलिस की प्रभावशीलता, दक्षता और ‘पुलिस कार्यवाही’ की वैधता किस हद तक प्रभावित हो सकती है।

गृह मंत्रालय ने कहा कि देश का ‘पुलिस मॉडल’ अपेक्षा करता है कि पुलिस को हर समय राजनीतिक रूप से तटस्थ रहना चाहिए।

ब्रेवरमैन ने कहा, ‘‘ब्रिटिश लोग उम्मीद करते हैं कि उनकी पुलिस अपराध को कम करने और समुदायों की रक्षा करने पर ध्यान केंद्रित करेगी। राजनीतिक सक्रियता लोगों को सुरक्षित नहीं रखती, अपराधों को हल नहीं करती या पीड़ितों की मदद नहीं करती, बल्कि यह जनता के विश्वास को नुकसान पहुंचा सकती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जिस समीक्षा की हमने शुरुआत की है वह इस बात का खुलासा करेगी कि क्या पुलिस के राजनीतिक रूप से विवादित मामलों में शामिल होने से पुलिस प्रणाली पर दुष्प्रभाव पड़ा है। मैं यह सुनिश्चित करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ूंगी कि पुलिस की कार्रवाई ब्रितानी लोगों की भलाई के लिए हो।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)