यूडीएफ, एलडीएफ भाजपा के खिलाफ झूठा अभियान चला रहे: राजीव चंद्रशेखर
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रमुख राजीव चंद्रशेखर ने मंगलवार को कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत वाम लोकतांत्रिक मोर्च (एलडीएफ) पर पिछले दो दशकों से भाजपा के खिलाफ दुष्प्रचार करने और उस पर ‘‘सांप्रदायिक’’ पार्टी का ठप्पा लगाने का आरोप लगाया.
मलप्पुरम (केरल), 22 अप्रैल : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रमुख राजीव चंद्रशेखर ने मंगलवार को कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत वाम लोकतांत्रिक मोर्च (एलडीएफ) पर पिछले दो दशकों से भाजपा के खिलाफ दुष्प्रचार करने और उस पर ‘‘सांप्रदायिक’’ पार्टी का ठप्पा लगाने का आरोप लगाया. चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि पिछले 10-20 वर्षों में यूडीएफ ने राज्य में भाजपा और पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के खिलाफ खूब दुष्प्रचार किया है.
उन्होंने इस उत्तरी जिले में एक सम्मेलन में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, "उन्होंने (यूडीएफ और एलडीएफ) गठबंधन में यह दुष्प्रचार किया है कि भाजपा एक सांप्रदायिक पार्टी है और राजग एक सांप्रदायिक मोर्चा है. यह एक सरासर झूठ है." भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा-राजग सरकार 2014 से विभिन्न योजनाओं को क्रियान्वित कर रही है, जिनका लक्ष्य देश के प्रत्येक नागरिक का कल्याण और विकास है. यह भी पढ़ें : विधेयक विवाद: न्यायालय विचार करेगा कि तमिलनाडु संबंधी फैसले में केरल के मुद्दे शामिल हैं या नहीं
चंद्रशेखर ने कहा, "चाहे वे किसी भी समुदाय या धर्म से संबंधित हों, अगर वे भारतीय नागरिक हैं तो सभी को इन योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए."
उन्होंने आरोप लगाया कि जहां तक देश का सवाल है, 2004 से 2014 तक का कांग्रेस नीत संप्रग शासनकाल एक ‘‘खोया हुआ दशक’’ था क्योंकि इस दौरान भ्रष्टाचार और बेरोजगारी सबसे ज्यादा पनपी और अर्थव्यवस्था कमजोर हुई.
वक्फ संशोधन अधिनियम मुद्दे का जिक्र करते हुए चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि यूडीएफ के प्रमुख सहयोगी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने हाल ही में स्वीकार किया है कि वे एक विशेष समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हैं. कांग्रेस ने पहले ही साबित कर दिया है कि आम लोगों की प्रगति और विकास उनकी प्राथमिकता नहीं है, बल्कि उनका ध्यान केवल वोट बैंक पर है. भाजपा प्रमुख ने सत्तारूढ़ एलडीएफ को भी नहीं बख्शा और कहा कि उनके पास राज्य का विकास करने की कोई क्षमता नहीं है.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 22, 2025 05:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

