देश की खबरें | उद्धव ने शाह, योगी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया था : राणे का दावा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के खिलाफ विवादास्पद टिप्पणी करने के मामले में अपनी गिरफ्तारी के एक दिन बाद केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने भी भाजपा नेताओं-अमित शाह और योगी आदित्यनाथ का जिक्र करते हुए अपशब्दों का इस्तेमाल किया था।

मुंबई, 25 अगस्त शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के खिलाफ विवादास्पद टिप्पणी करने के मामले में अपनी गिरफ्तारी के एक दिन बाद केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने भी भाजपा नेताओं-अमित शाह और योगी आदित्यनाथ का जिक्र करते हुए अपशब्दों का इस्तेमाल किया था।

महाड स्थित एक अदालत से मंगलवार को जमानत मिलने और बुधवार को बंबई उच्च न्यायालय से राहत पाने के बाद राणे ने संवाददाताओं से कहा कि वह राज्य में सत्ताधारी शिवसेना से नहीं डरते।

राणे ने कहा, “मैं किसी से नहीं डरता और मैं पीछे नहीं हट रहा। मेरे शब्द मुख्यमंत्री (उद्धव ठाकरे) के खिलाफ गुस्से का इजहार थे जो भारत की आजादी का वर्ष भूल गए थे। मैंने संवाददाताओं से सिर्फ वह कहा था जो वह पहले कह चुके हैं, इसलिए यह अपराध कैसे हो सकता है।”

राणे ने मंगलवार को विवादास्पद टिप्पणी की थी जिसके बाद शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने कई जिलों में उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इन शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने राणे को गिरफ्तार कर महाड की अदालत में पेश किया था जहां से मंगलवार रात उन्हें जमानत मिल गई थी।

यह पूछे जाने पर कि वह महाराष्ट्र की शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस गठबंधन सरकार की आलोचना कैसे करेंगे, उन्होंने कहा, “मैं अच्छे शब्दों का इस्तेमाल कर उनकी आलोचना करूंगा।”

राणे ने कहा कि ठाकरे ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को आदेश दिया था कि ‘सेनाभवन’ (मुंबई स्थित पार्टी मुख्यालय) पर हमला करने वाले लोगों के जबड़े तोड़ दें।

उन्होंने दावा किया कि ठाकरे ने यह भी कहा था कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सैंडल से पिटाई की जानी चाहिए।

राणे ने कहा, “उद्धव ठाकरे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बेशर्म कहा था। उन्होंने कहा था कि वह जानबूझकर शाह के बारे में असंसदीय शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। कितनी सभ्य है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now