देश की खबरें | शिवसेना को नष्ट करने के लिए राकांपा को दोषी ठहराने वाले शिंदे गुट के विधायकों पर उद्धव गुट का निशाना
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नौ नेताओं के महाराष्ट्र सरकार में शामिल होने के मद्देनजर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे-नीत शिवसेना के नेताओं के बयानों का एक वीडियो साझा करते हुए उनपर कटाक्ष किया।
पुणे, चार जुलाई शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नौ नेताओं के महाराष्ट्र सरकार में शामिल होने के मद्देनजर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे-नीत शिवसेना के नेताओं के बयानों का एक वीडियो साझा करते हुए उनपर कटाक्ष किया।
इस वीडियो में दिखाया गया है कि कैसे शिंदे गुट के नेताओं ने तत्कालीन शिवसेना को नष्ट करने की कोशिश के लिए राकांपा को दोषी ठहराया था।
“अब क्या कहें” शीर्षक वाले वीडियो को सोमवार को उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले गुट के सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया गया।
इसमें शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के कुछ विधायकों के बयानों की क्लिप को एक साथ जोड़ा गया है, जिन्होंने अपनी पार्टी के नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह किया था और पिछले साल जून में भाजपा से हाथ मिला लिया था।
वीडियो के अंत में रविवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता अजित पवार के शपथ ग्रहण समारोह की एक क्लिप दिखाई गई है।
अजित पवार, छगन भुजबल और हसन मुशरिफ समेत नौ राकांपा विधायक एकनाथ शिंदे मंत्रिमंडल में शामिल हुए।
ठाकरे गुट की ओर से अपलोड किए गए वीडियो में, शिंदे यह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि उन्होंने ‘धनुष और तीर’ (शिवसेना का चुनाव चिह्न) मुक्त कर दिया है जो राकांपा और कांग्रेस के पास “गिरवी” था।
वर्तमान में शिंदे सरकार में मंत्री विधायक गुलाबराव पाटिल वीडियो में यह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि वे उद्धव ठाकरे द्वारा “राकांपा-कांग्रेस विचारधारा” को स्वीकार करने के खिलाफ थे।
शिवसेना विधायक प्रताप सरनाईक को यह दावा करते हुए सुना गया है कि राकांपा-कांग्रेस गठबंधन शिवसेना को “कमजोर या खत्म” करने की कोशिश कर रहा है।
वीडियो में वर्तमान में राज्य मंत्री उदय सामंत की एक क्लिप भी दिखाई गई है, जो ठाकरे से उनकी (तत्कालीन बागी विधायकों की) वापसी के लिए राकांपा और कांग्रेस से संबंध तोड़ने का आग्रह कर रहे हैं।
शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के एक अन्य मंत्री दीपक केसरकर को ठाकरे पर राकांपा और कांग्रेस के सामने “पूरी तरह से झुकने” और अपनी राय नहीं रखने का आरोप लगाते हुए सुना जा सकता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)